Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर शुरू की गई निर्णायक मुहिम ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 29वें दिन पंजाब पुलिस ने बुधवार को पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के पहचाने गए और मैप किए गए 689 ठिकानों पर छापेमारी की.
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरों पर वार’ – पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए एक निर्णायक जंग है, जिसकी शुरुआत पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा 20 जनवरी, 2026 को की गई थी. एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (ए.जी.टी.एफ.) पंजाब के पूर्ण समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्य भर में विशेष कार्रवाइयां कर रही हैं.
29वें दिन, पुलिस टीमों ने 196 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 1 हथियार बरामद किया, जिसके साथ मुहिम की शुरुआत से अब तक गिरफ्तारियों की कुल संख्या 9,978 हो गई है.
एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन पर सूचना साझा करें
इसके अलावा 78 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई है, जबकि 232 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया. पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान नौ भगोड़े अपराधियों (पी.ओ.) को भी गिरफ्तार किया है. उन्होंने कहा कि लोग गुप्त रूप से वांछित अपराधियों/गैंगस्टरों के बारे में एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर-93946-93946 के माध्यम से रिपोर्ट कर सकते हैं और किसी भी प्रकार के अपराध तथा आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना/जानकारी भी साझा की जा सकती है.
36 लोगों को नशा छुड़ाने में मदद
उल्लेखनीय है कि पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ को 354वें दिन भी जारी रखा है, जिसके तहत आज 110 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 1 किलो हेरोइन, 2.7 किलो अफीम, 419 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 2120 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई. इसके साथ ही मात्र 354 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 50,184 हो गई है. नशा छुड़ाऊ मुहिम के हिस्से के रूप में पंजाब पुलिस ने आज 36 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार करवाने के लिए राजी किया है.
ये भी पढ़ें – डायन होने के शक में मां बेटे को पेट्रोल डालकर जलाया, गंभीर रूप से झूलसे पति का इलाज जारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









