Cybercrime Jinn : मुंबई के सायन इलाके में एक 22 वर्षीय युवती के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है. आरोपियों ने जादू-टोना और तांत्रिक शक्तियों का हवाला देकर उसे करीब ढाई साल तक फंसाया और 15 लाख 93 हजार 980 रुपये ऐंठ लिए.
पुलिस के अनुसार, पीड़िता प्रतीक्षा नगर की रहने वाली है. मामला साल 2023 में शुरू हुआ, जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उसने एक पोस्ट देखी, जिसमें “पावरफुल ओबसेशन हीलर” नाम से करियर, संबंध और जीवन की समस्याओं को हल करने का दावा किया गया था.
जिन्न और तांत्रिक का जाल
पोस्ट के लिंक पर क्लिक करने के बाद युवती की बातचीत व्हाट्सएप पर अज्ञात व्यक्ति से शुरू हुई. आरोपी ने खुद को कभी “वाहिद” और कभी “साहिल” बताया. उसने शुरुआत में युवती का भरोसा जीतकर उसे आश्वस्त किया कि उसकी सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा. इसके बाद उसने विशेष तांत्रिक विधि और जिन्न के माध्यम से इच्छाओं को पूरा करने का दावा किया.
पैसों की लगातार मांग
शुरुआत में युवती से 25 हजार रुपये लिए गए, लेकिन बाद में आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर बार-बार पैसे मांगे, जैसे विधि अधूरी होना, नकारात्मक ऊर्जा दूर करना या जिन्न के नाराज होने का डर दिखाना. धीरे-धीरे पीड़िता ने कई बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए और अपने घर का सोना भी बेच दिया.
जब लंबे समय तक कोई परिणाम नहीं मिला और लगातार पैसे की मांग होती रही, तब युवती को ठगी का अहसास हुआ. इसके बाद उसने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई. वर्तमान में मुंबई साइबर सेल इस मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- बाहर आश्रम का बोर्ड, अंदर नकली नोटों का कारखाना, नकली करेंसी का पर्दाफाश
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









