मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने की प्रधानमंत्री की तारीफ, कहा- भारत को सही समय पर सही नेता मिला

CM N. Chandrababu Naidu : मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने की प्रधानमंत्री की तारीफ, कहा- भारत को सही समय पर सही नेता मिला
CM N. Chandrababu Naidu : आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को कहा कि भारत को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में सही समय पर सही नेता मिला है और वह देश को विभिन्न आर्थिक तथा सामाजिक मानदंडों पर शीर्ष पर ले जाएंगे। नायडू ने ‘2047 तक स्वर्ण आंध्र’ पर एक आर्थिक कार्यबल की शुरुआत के मौके पर कहा कि उनके राज्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं और वह सही रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
उद्योग मंडल भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नायडू ने कहा, ‘‘ भारतीय विश्व स्तर पर सर्वाधिक स्वीकार्य समुदाय हैं और यह रुझान भविष्य में भी जारी रहेगा।’’
नायडू ने की प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना
नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि हमारे पास सही समय पर सही नेता हैं। मोदी जी के पास देश के लिए सुधारों और नीतिगत दिशा के बारे में स्पष्ट दृष्टिकोण है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा और विभिन्न क्षेत्रों में दुनिया के शीर्ष स्थानों पर पहुंचेगा।
पी4 मॉडल का बताया मतलब
मुख्यमंत्री ने गरीबी, भुखमरी और अन्य सामाजिक मुद्दों से निपटने के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल से पी4 मॉडल की दिशा में कदम बढ़ाने का समर्थन किया। पी4 मॉडल का मतलब है ‘सार्वजनिक, निजी और जन भागीदारी’, जो सामाजिक और आर्थिक सुधारों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इस कार्यक्रम में चंद्रबाबू नायडू ने सीआईआई के सहयोग से प्रतिस्पर्धा और वैश्विक नेतृत्व केंद्र की स्थापना की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह केंद्र वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा और नेतृत्व से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर काम करेगा।
टाटा समूह के प्रमुख ने की नायडू की तारीफ
कार्यक्रम में टाटा समूह के प्रमुख एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि ‘2047 तक स्वर्ण आंध्र’ पर आर्थिक कार्यबल का सह-अध्यक्ष बनना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने नायडू के नेतृत्व में एकीकृत आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में किए गए आर्थिक दूरदर्शिता की सराहना की। चंद्रशेखरन ने कहा, “हम 2047 के लिए एक रोडमैप तैयार कर रहे हैं, और इसके लिए जरूरी योजनाओं को जल्द ही लागू किया जाएगा।” उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि योजना में कई महत्वपूर्ण घटक होंगे, जिनमें शैक्षिक क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि भविष्य में आंध्र प्रदेश में वैश्विक स्तर के शैक्षिक संस्थान स्थापित किए जाएंगे, जो राज्य के विकास में तेजी लाएंगे।
यह भी पढ़ें : तुर्किये के एक होटल में आग लगने से मची भगदड़, 10 की मौत, 32 झुलसे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप