Anokhi Love Story : आंध्र प्रदेश के राजूपेटा इलाके से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने समाज की परंपरागत सोच को चुनौती दी है. अलग-अलग धर्म और कद में बड़े अंतर के बावजूद एक मुस्लिम युवती और हिंदू युवक ने एक-दूसरे का साथ चुनते हुए शादी कर ली. यह विवाह अब सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर तक चर्चा का विषय बना हुआ है.
युवती ने बताया कि वह मुस्लिम समुदाय से है, जबकि युवक वेमुला शशि हिंदू हैं. दोनों की मुलाकात स्कूल के दिनों में हुई थी. 9वीं कक्षा में शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे गहरे प्रेम में बदल गई और समय के साथ उनका रिश्ता और मजबूत होता गया.
शशि के स्वभाव ने जीता दिल
युवती के अनुसार, उसने कभी भी शशि की कद-काठी या धर्म को महत्व नहीं दिया. उसके लिए सबसे अहम उनकी सादगी, व्यवहार और आपसी भरोसा रहा. उसने कहा कि वह शशि के स्वभाव से प्रभावित होकर ही उनसे जुड़ी और यही भावना उनके रिश्ते की नींव बनी.
हालांकि, इस रिश्ते को परिवार और समाज से स्वीकार्यता नहीं मिल सकी. अलग धर्म और युवक के छोटे कद को लेकर युवती के परिजनों ने कड़ा विरोध किया. हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों को अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता होने लगी.
मेडिकल स्टोर में काम करती है युवती
बताया जाता है कि शशि जिला न्यायालय में कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी हैं, जबकि युवती एक मेडिकल स्टोर में काम करती है. बढ़ते दबाव के बीच दोनों ने हिम्मत दिखाते हुए इनुकुदुरुपेटा पुलिस स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा की मांग की, उन्होंने साफ कहा कि वे हर परिस्थिति में साथ रहना चाहते हैं.
यह शादी उन धारणाओं को चुनौती देती है, जिनमें रिश्तों को बाहरी रूप या सामाजिक बंधनों से जोड़ा जाता है. इस जोड़े ने अपने फैसले से यह संदेश देने की कोशिश की है कि आपसी समझ और विश्वास किसी भी रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत होती है.
ये भी पढ़ें- हरियाणा में दिनदहाड़े फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या, 14 राउंड फायरिंग से दहला इलाका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









