Ajit Pawar News : महाराष्ट्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री अजित पवार की अस्थियां रविवार, 8 फरवरी 2026 को प्रयागराज के संगम में विसर्जित की गईं. उनके पुत्र जय पवार ने पूरे विधि-विधान के साथ पिता की अस्थियां संगम में प्रवाहित कीं. इस अवसर पर पुजारियों ने अनुष्ठान संपन्न किए और शोक संतप्त लोगों ने श्रद्धा भाव से उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मां गंगा से प्रार्थना की.
वहीं, अस्थि विसर्जन के दौरान परिवार के सदस्य और पार्टी कार्यकर्ता भावुक दिखाई दिए. अजित पवार का परिवार बारामती से चार्टर्ड फ्लाइट के माध्यम से प्रयागराज पहुंचा. रविवार सुबह लगभग 11 बजे परिवार प्रयागराज एयरपोर्ट पर पहुंचे.
अस्थि विसर्जन की रस्म संपन्न हुई
जय पवार नंगे पैर अस्थि कलश लिए एयरपोर्ट से बाहर निकले. अस्थियों का बॉक्स हाथ में देख कई लोगों की आंखें नम हो गईं. सभी की मौजूदगी में अजित पवार को भावपूर्ण अंतिम विदाई दी गई. अजित पवार का परिवार एयरपोर्ट से संगम तक लंबे काफिले के साथ पहुंचा, जहां VIP घाट पर अस्थि विसर्जन की रस्म संपन्न हुई. इस दौरान भाजपा और एनसीपी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे.
12 राज्यों से होते हुए संगम पहुंची
एनसीपी की युवा इकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा के नेतृत्व में कश्मीर से कन्याकुमारी तक अस्थि कलश यात्रा निकाली गई थी. यह यात्रा 12 राज्यों से होते हुए संगम तक पहुंची और रविवार, 8 फरवरी को बेटे जय पवार और परिवार की उपस्थिति में इसका समापन हुआ.
विमान हादसे में निधन हो गया था
बता दें कि एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बारामती में हुए विमान हादसे में निधन हो गया था. इस दुर्घटना में चार अन्य लोग भी मारे गए. 29 जनवरी को अजित पवार का पार्थिव शरीर बारामती के विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड में अंतिम संस्कार किया गया. यह हादसा विमान के क्रैश होने के कारण हुआ. अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया गया.
ये भी पढ़ें- Bastar Naxal Surrender : बस्तर में 51 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 1.61 करोड़ का था इनाम
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









