Uttar Pradeshराज्य

6.35 लाख की लूट के बाद खाटू श्याम मंदिर पहुंचे आरोपी, दान किए 15 हजार रुपये, लखनऊ में पुलिस ने किया गिरफ्तार

UP News : उत्तर प्रदेश के लखनऊ के मदेयगंज क्षेत्र में एक चौंकाने वाली लूट की वारदात सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, एक शराब कारोबारी के कलेक्शन एजेंट से 6.35 लाख रुपये नकद छीन लिए गए. इस घटना के तुरंत बाद आरोपियों ने खाटू श्याम मंदिर का रुख किया और लूटी गई रकम में से 15 हजार रुपये दान में जमा किए.

पुलिस ने बताया कि 25 मार्च को हर्ष जायसवाल नामक एजेंट को आठ आरोपियों ने चाकू दिखाकर रोक लिया और लूट की वारदात को अंजाम दिया. दो आरोपियों को एनकाउंटर के दौरान पकड़ लिया गया, जबकि शेष छह को अलग-अलग जगहों से हिरासत में लिया गया.

मुख्य आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार

वहीं, मुख्य आरोपी आलोक तिवारी और सजीत सिंह को लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एनकाउंटर में गिरफ्तार किया गया. एनकाउंटर में आलोक तिवारी को पैर में गोली लगी. अन्य गिरफ्तार आरोपियों में निर्भय तिवारी, भूपेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र कुमार (राज पांडे), मिलन द्विवेदी, कन्हैया दीक्षित और आदर्श तिवारी शामिल हैं.

पुलिस ने लूट में इस्तेमाल बाइक, तमंचा और चाकू जब्त कर लिए हैं और 5 लाख रुपये बरामद किए हैं. जांच में सामने आया कि लूट के तुरंत बाद सभी आरोपी राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंचे और धार्मिक आड़ लेकर भागने की कोशिश कर रहे थे.

डीसीपी ने पुलिस टीम की सराहना की

मदेयगंज पुलिस ने तकनीकी साधन और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे गैंग को कुछ ही दिनों में पकड़ने में सफलता पाई. डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी साक्ष्यों के सही उपयोग से यह जल्द हल संभव हो पाया. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गैंग की अन्य अपराधिक गतिविधियों के बारे में पता लगा रही है.

ये भी पढ़ें- चंबल एक्सप्रेस में नशा खुरानी का खुलासा, सात आरोपी गिरफ्तार, साधु के वेश में घटना को दिया अंजाम

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button