सीएम विष्णुदेव ने कम समय में गढ़ा सफलता का नया आयाम, 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में आया नाम

Achievement of CM Vishnu Deo Sai
Achievement of CM Vishnu Deo Sai: छत्तीसगढ़ के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अल्पावधि में सफलता के नए आयाम गढ़े हैं। उन्होंने सीएम पद पर रहते हुए कम समय में ही मोदी की गारंटी लागू करने सहित कई उपलब्धियों से जनता के दिल में जगह बना ली है। साय अपने इस छोटे से कार्यकाल में न केवल आदिवासियों का बल्कि आम जनता का विश्वास जीतने में सफल हुए हैं। यही वजह है कि इंडियन एक्सप्रेस द्वारा जारी देश के 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का भी नाम शामिल हो गया है।
एमपी में पंच के रूप में शुरू हुआ था राजनीतिक जीवन
अविभाजित मध्यप्रदेश में पंच के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले साय ने राज्य के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री होने का गौरव प्राप्त किया है। विष्णुदेव साय चार बार सांसद, दो बार विधायक, केंद्रीय राज्य मंत्री और दो-दो बार के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। इसके साथ ही साय को संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है।
…इसलिए बीजेपी शीर्ष नेतृत्व ने जताया भरोसा
सांसद के रूप में उनके उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए 2014 में मोदी मंत्रिमंडल में केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में उन्हें शामिल किया गया। वहीं केंद्र में इस्पात, खान, श्रम व रोजगार मंत्रालय का प्रभार संभालते हुए उन्होने अपनी कर्मठता का परिचय दिया। यही कारण है जब छत्तीसगढ़ विधानसभा में भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री चुनने की बारी आई तो केंद्रीय नेतृत्व ने साय पर भरोसा जताया।

दो महीने में लिए कई जनहितकारी फैसले
प्रदेश की बागडोर संभालते ही दो महीने की अल्पावधि में उन्होंने कई जनहितकारी फैसले लिए। इससे सरकार के साथ-साथ मुख्यमंत्री की लोकप्रियता का ग्राफ भी तेजी से बढ़ा। मोदी की गारंटी को प्राथमिकता से लागू करने के साथ ही साय ने अपनी पहली कैबिनेट में 18 लाख हितग्राहियों के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत पक्के आवास बनाने का निर्णय लिया।
धान खरीदी का वादा पूरा किया
प्रदेश में कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का वादा पूरा किया गया। युवाओं के हित में बड़ा फैसला लेते हुए पीएससी भर्ती परीक्षा वर्ष 2022 प्रकरण की सीबीआई जांच कराने का निर्णय लिया है। अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस, सुशासन दिवस 25 दिसम्बर को 12 लाख से अधिक किसानों के बैंक खाते में 2 साल के धान की बकाया बोनस राशि दी गयी।
इन योजनाओं से लोगों के दिल में बनाई जगह
तेन्दूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक 5500 रूपए प्रति मानक बोरा सहित राज्य की महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना, रामलला दर्शन योजना आदि कई योजनाओं से विष्णुदेव साय ने लोगों के दिल में जगह बनाने में कामयाबी हासिल की है। अब देश के 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में विष्णुदेव साय का नाम आना उनकी मेहनत का परिचायक है।
यह भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव: नहीं बनाएगा किसी को साथी, बिहार में अकेला चलेगा ‘हाथी’
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए।”