Uttar Pradesh

अमेठी राजघराने में फिर छिड़ी सियासी जंग, संजय सिंह और बेटे अनंत विक्रम के बीच बढ़ा टकराव

Amethi News : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ अमेठी के राजपरिवार में पुराना पारिवारिक और राजनीतिक विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है. पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह और उनके बेटे अनंत विक्रम सिंह के बीच मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं. ताजा मामला संजय सिंह के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान सामने आया, जब अनंत विक्रम सिंह और उनकी पत्नी शाम्भवी सिंह ने पुलिस पर उन्हें करीब छह घंटे तक हाउस अरेस्ट रखने का आरोप लगाया.

12 नवंबर को पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह का जन्मदिन था. इस मौके पर अमेठी के रामनगर स्थित राजमहल के बाहर कार्यक्रम आयोजित किया गया. अनंत विक्रम सिंह के मुताबिक, जब वह अपनी पत्नी शाम्भवी सिंह के साथ क्षेत्र के लोगों से मिलने के लिए निकले तो मुख्य गेट पर ताला लगा मिला और बाहर भारी पुलिस बल तैनात था, उन्होंने आरोप लगाया कि सुबह 11 बजे से करीब छह घंटे तक उन्हें घर में ही रोके रखा गया और लोगों से मिलने नहीं दिया गया.

30 साल पुरानी घटना का किया जिक्र

इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए अनंत विक्रम सिंह ने अपनी सौतेली मां और पूर्व विधायक अमिता सिंह पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि 1996 में उनकी मां गरिमा सिंह को भी अदालत में पेशी के लिए जाते समय हाउस अरेस्ट कराया गया था. उनके मुताबिक, करीब 30 साल बाद एक बार फिर परिवार को इसी तरह रोका जा रहा है, उन्होंने अपने बेटे अधिराज सिंह की आवाजाही सीमित करने की कोशिशों का भी आरोप लगाया.

चुनावी टिकट को लेकर भी आमने-सामने परिवार

अमेठी राजपरिवार का विवाद केवल पैतृक संपत्ति तक सीमित नहीं है. इसके पीछे राजनीतिक विरासत को लेकर भी खींचतान है. संजय सिंह ने पहली पत्नी गरिमा सिंह के रहते अमिता सिंह से दूसरी शादी की थी. इसके बाद परिवार दो धड़ों में बंट गया. एक तरफ संजय सिंह और अमिता सिंह हैं, तो दूसरी तरफ गरिमा सिंह और उनके बेटे अनंत विक्रम सिंह का परिवार है.

साल 2014 में अनंत विक्रम सिंह ने अपनी मां और बहनों के साथ पैतृक संपत्ति पर दावा पेश किया था. इसी विवाद के बीच दिसंबर 2014 में वह बीजेपी में शामिल हो गए और अमेठी से चुनाव लड़ने की इच्छा भी जताई.

2017 में गरिमा सिंह ने अमिता सिंह को हराया

साल 2017 के विधानसभा चुनाव में गरिमा सिंह ने बीजेपी के टिकट पर अमेठी से चुनाव लड़ा और अमिता सिंह को हराकर विधायक बनीं. इसके बाद संजय सिंह और अमिता सिंह भी बीजेपी में शामिल हो गए. 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने गरिमा सिंह का टिकट काटकर संजय सिंह को उम्मीदवार बनाया, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा.

अब 2027 के चुनाव को लेकर परिवार में फिर राजनीतिक दावेदारी सामने आ रही है. अनंत विक्रम सिंह अपनी पत्नी शाम्भवी सिंह को बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ाना चाहते हैं, जबकि दूसरी तरफ संजय सिंह अपनी पत्नी अमिता सिंह के लिए टिकट की पैरवी कर रहे हैं.

इस तरह अमेठी में राजपरिवार की पुरानी पारिवारिक और संपत्ति की लड़ाई के साथ राजनीतिक विरासत का सवाल भी फिर चर्चा में आ गया है.

ये भी पढ़ें- सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- छठ पूजा में भेदभाव देखने वाले विपक्षी नेता समाज और संस्कृति के दुश्मन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button