Uttar Pradesh

‘आज आखिरी बार प्यार से बात कर लो…’, कानपुर में गर्लफ्रेंड के सामने दूसरी मंजिल से कूदा युवक

Kanpur News : कानपुर के सर्वोदय नगर इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां प्रेमिका से मिलने पहुंचे 35 वर्षीय युवक की शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद कॉम्प्लेक्स में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.

मृतक की पहचान चमनगंज निवासी रियाज अली के बेटे सिकंदर के रूप में हुई है. वह करीब एक साल पहले सऊदी अरब से वापस आया था. उसका गीता नगर के पास एक अस्पताल में काम करने वाली युवती से कई वर्षों से परिचय और प्रेम संबंध था. दोस्त राजा के मुताबिक, विदेश में रहने के दौरान भी सिकंदर युवती से फोन पर बातचीत करता था, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच दूरी बढ़ गई थी. युवती ने उससे बातचीत कम कर दी थी, जिसको लेकर वह परेशान रहता था.

मिलने के लिए दोस्तों के साथ पहुंचा था

मंगलवार को सिकंदर ने युवती को सर्वोदय नगर के एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में मिलने के लिए बुलाया था. वह अपने चचेरे भाई शीबू और दोस्त आसिफ के साथ वहां पहुंचा था. दोस्त के अनुसार, युवती के आने से पहले सिकंदर ने नशे की कोई गोली खाई थी. उसका व्यवहार भी सामान्य नहीं लग रहा था.

मुलाकात के दौरान युवती वहां से जाने लगी तो सिकंदर ने उसे रोकने की कोशिश की. उसने आखिरी बार प्यार से बात करने की बात कही. इसके बाद वह युवती के पीछे दूसरी मंजिल पर फूड कोर्ट की तरफ पहुंच गया. इसी दौरान उसने अपना मोबाइल और घड़ी युवती को दे दी.

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

कुछ ही देर बाद सिकंदर के नीचे गिरने की जानकारी मिली. युवती के शोर मचाने पर उसके दोस्त मौके पर पहुंचे और उसे रीजेंसी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में दोस्तों ने बताया कि सिकंदर पिछले कुछ समय से परेशान था. पुलिस परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर रही है. साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल युवक के दूसरी मंजिल से गिरने की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है.

ये भी पढ़ें- Milk Price Hike : दिल्ली-NCR में महंगा हुआ दूध, 12 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें, जानिए नए रेट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button