Punjab

पंजाब में पहली बार हो रही एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, भारत-मलेशिया सेमीफाइनल में पहुंचे, 2 नवंबर को दक्षिण कोरिया से भिड़ेगी टीम इंडिया

Punjab News : पंजाब की धरती पर पहली बार आयोजित हो रहे अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का जालंधर में होने वाला लीग चरण आधा पड़ाव पार करने के बाद अंतिम दौर में पहुंच गया है. प्रत्येक टीम अब तक तीन-तीन लीग मुकाबले खेल चुकी है, जबकि दो-दो मुकाबले शेष हैं. 1 और 2 नवंबर को बाकी लीग मुकाबले खेले जाएंगे. भारत और मलेशिया ने तीन-तीन जीत के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. गोल स्कोररों की सूची में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह पांच गोल के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं.

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों से पंजाब के इतिहास में पहली बार इस स्तर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन संभव हो पाया है. इस प्रतियोगिता के आयोजन से भारतीय हॉकी खिलाड़ियों की लंबे समय से चली आ रही इच्छा पूरी हुई है.

2 नवंबर को भारत-दक्षिण कोरिया की भिड़ंत

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में आज सभी टीमों के लिए विश्राम का दिन था और कोई भी मुकाबला नहीं खेला गया. हालांकि, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश की टीमों ने अभ्यास किया. लीग चरण के अंतिम दिनों में 1 नवंबर को दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश, चीन और जापान तथा भारत और मलेशिया के बीच मुकाबले होंगे. इसी तरह 2 नवंबर को चीन और बांग्लादेश, मलेशिया और जापान तथा भारत और दक्षिण कोरिया के बीच मुकाबले क्रमशः दोपहर ढाई बजे, पौने पांच बजे और शाम सात बजे खेले जाएंगे.

अंक तालिका में भारत पहले स्थान पर

ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम, जालंधर में चल रहे लीग मुकाबलों में मेजबान भारत और मलेशिया ने अब तक अपने तीनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है. अंक तालिका में भारत बेहतर गोल औसत के आधार पर पहले स्थान पर है, जबकि मलेशिया दूसरे स्थान पर है. जापान दो जीत के साथ तीसरे और दक्षिण कोरिया एक जीत के साथ चौथे स्थान पर है. चीन और बांग्लादेश को अभी अपनी पहली जीत का इंतजार है. छह टीमों में से पहली चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि लीग चरण में पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमें पांचवें स्थान के लिए मुकाबला करेंगी. नॉकआउट चरण के सभी मुकाबले 4 और 5 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर स्टेडियम में खेले जाएंगे.

प्रति मैच औसतन छह गोल हुए

टूर्नामेंट में अब तक कुल नौ मुकाबले खेले जा चुके हैं और इनमें से कोई भी मुकाबला ड्रॉ नहीं रहा है. प्रत्येक मैच का परिणाम निकला है. टूर्नामेंट में अब तक कुल 54 गोल हुए हैं, यानी प्रति मैच औसतन छह गोल हुए हैं. इन 54 गोलों में से 28 मैदानी गोल और 23 पेनल्टी कॉर्नर के जरिए किए गए हैं, जबकि तीन गोल पेनल्टी स्ट्रोक से हुए हैं.

तीन-तीन मुकाबले खेलने के बाद सभी टीमों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो भारत ने सर्वाधिक 22 गोल किए हैं, जबकि उसके विरुद्ध केवल तीन गोल हुए हैं. मलेशिया ने अब तक 14 गोल किए हैं और उसके विरुद्ध छह गोल हुए हैं. जापान ने पांच गोल किए हैं और उसके विरुद्ध छह गोल हुए हैं. दक्षिण कोरिया ने पांच गोल किए हैं, जबकि उसके विरुद्ध सात गोल हुए हैं. चीन ने अब तक सात गोल किए हैं और उसके विरुद्ध 12 गोल हुए हैं. वहीं, बांग्लादेश ने अब तक केवल एक गोल किया है, जबकि उसके विरुद्ध 20 गोल हुए हैं. अब तक केवल भारत और जापान की टीमों ने एक-एक मुकाबले में क्लीन शीट रखी है. दोनों टीमों ने बांग्लादेश के खिलाफ खेलते हुए अपने विरुद्ध एक भी गोल नहीं होने दिया.

ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button