Uttar Pradesh

मायावती का बड़ा ऐलान, आकाश आनंद से बहुजन समाज को उम्मीदें, अशोक सिद्धार्थ की BSP में वापसी नहीं

UP News : बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को लेकर बड़ा बयान दिया है, उन्होंने कहा कि आकाश आनंद अब परिवार और रिश्तों से ऊपर पार्टी तथा बहुजन आंदोलन को प्राथमिकता देते हुए काम कर रहे हैं. मायावती के मुताबिक, आकाश ने राजनीतिक परिपक्वता दिखाई है और बहुजन समाज को उनसे काफी उम्मीदें हैं. इसके साथ ही उन्होंने आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ की पार्टी में वापसी की अटकलों को भी पूरी तरह खारिज कर दिया.

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि आकाश आनंद आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में पार्टी के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. वह 28 अक्टूबर को बुलंदशहर, 2 नवंबर को सहारनपुर, 20 नवंबर को अयोध्या, 22 नवंबर को आगरा और 29 नवंबर को कानपुर नगर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे. इसके अलावा, 26 नवंबर को संविधान दिवस पर पंजाब में आयोजित विचार संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. 6 दिसंबर को डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर हरिद्वार में होने वाली विचार संगोष्ठी को भी संबोधित करेंगे.

अशोक सिद्धार्थ की वापसी पर मायावती सख्त

बसपा प्रमुख ने स्पष्ट किया कि अशोक सिद्धार्थ को किसी भी परिस्थिति में पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा, उन्होंने कहा कि पार्टी में हाल के अप्रिय घटनाक्रम के लिए आकाश आनंद की तुलना में अशोक सिद्धार्थ अधिक जिम्मेदार थे. इसी वजह से उन्हें पार्टी से बाहर किया गया और राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी गई. मायावती ने कार्यकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहे स्वार्थी तत्वों से सतर्क रहने की अपील भी की.

ईशान आनंद भी संभालेंगे पार्टी के काम

मायावती ने बताया कि आकाश आनंद के छोटे भाई ईशान आनंद बसपा के दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में सहयोग करेंगे. लंदन से वकालत की पढ़ाई पूरी कर चुके ईशान चुनाव संबंधी कार्यों और दस्तावेजी प्रक्रियाओं में मदद करेंगे.

ये भी पढ़ें- Honey Singh ने महाराष्ट्र साइबर पुलिस से मांगी माफी, कॉन्सर्ट में टिप्पणी पर छिड़ा था विवाद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button