UP News : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गुरुवार शाम एक मकान में हुए भीषण धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पैगंबरपुर क्षेत्र में स्थित इस मकान में कथित तौर पर अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालित की जा रही थी. धमाका इतना तेज था कि पूरा मकान धराशायी हो गया और आसपास के कई घर भी प्रभावित हुए. हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार शाम अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी. इसके बाद घटनास्थल के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों का दावा है कि संबंधित मकान में काफी समय से पटाखे बनाए जा रहे थे, उन्होंने कई बार इसका विरोध भी किया था, लेकिन उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया.
स्थानीय लोगों ने मकान को राजू खान का बताया है. उनका यह भी दावा है कि इससे पहले पटाखा फैक्ट्री में छापेमारी हो चुकी थी. इसके बावजूद फैक्ट्री बंद कराने की मांग पूरी नहीं हुई. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
NDRF और SDRF ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. इसके बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमों ने भी राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. मलबे से प्रभावित लोगों की स्थिति का जायजा लिया गया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई गई है.
धमाके के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं. वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्र के चौकी प्रभारी और एक सिपाही को निलंबित कर दिया है. पुलिस का कहना है कि अवैध पटाखा निर्माण से जुड़े आरोपों और घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- UP में सोलर ऊर्जा की बड़ी छलांग, 9 लाख से ज्यादा घरों पर लगे रूफटॉप सोलर प्लांट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









