Uttar Pradesh

अखिलेश यादव को CM योगी की खुली चुनौती, बोले- अयोध्या से लड़िए चुनाव, मैं भी वहीं से उतरूंगा मैदान में

UP News : बलरामपुर में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दी, उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या से नामांकन करें, वह भी वहीं से चुनाव मैदान में उतरेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा, “लड़ाई चेलों से क्यों? लड़ाई तो आमने-सामने होनी चाहिए,” उन्होंने अयोध्या को अपनी आस्था की स्थली बताते हुए कहा कि वहां चल रहे विकास कार्यों की निगरानी के लिए वह लगातार जाते हैं. मुख्यमंत्री बलरामपुर के रेहरा बाजार विकासखंड के बिलरिया गांव में 803 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे.

मुख्यमंत्री योगी ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि सपा के बबुआ अभी से बौखला गए हैं, उन्होंने कहा कि विकास की शुरुआत हुई है और आगे बहुत कुछ होना बाकी है. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सपा सरकार में अयोध्या को तीन-चार घंटे बिजली मिलती थी और विकास कार्यों में बाधाएं खड़ी की जाती थीं, उन्होंने कहा कि आज अयोध्या रामराज्य के नए उदाहरण के रूप में त्रेतायुग का स्मरण करा रही है. आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए 80 प्रतिशत सीटें जीतेगा, जबकि विपक्ष को अधिकतम 20 प्रतिशत सीटें मिलेंगी.

सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर सख्त रुख

मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी और अवैध गतिविधियों का जिक्र करते हुए कहा कि यहां छांगुर जैसे लोगों को पनपने नहीं दिया जाएगा और किसी को डेमोग्राफी बदलने की छूट नहीं मिलेगी, उन्होंने पिछली सपा सरकार पर इस क्षेत्र को तस्करी और अपराधियों की गतिविधियों का केंद्र बनाने का आरोप लगाया.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों में माफिया और अपराधियों को संरक्षण मिलता था, जिससे आम नागरिक भय के माहौल में रहते थे, उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में कानून का राज है और सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है, उन्होंने कहा कि किसी माफिया को कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की छूट नहीं दी जाएगी. बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को लेकर उन्होंने कहा कि उनके लिए जेल या जहन्नुम के अलावा कोई तीसरा रास्ता नहीं है.

सपा के पीडीए पर मुख्यमंत्री का तंज

मुख्यमंत्री ने सपा के पीडीए को ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ बताते हुए इसका दूसरा अर्थ ‘प्रदेश डुबाऊ अलायंस’ बताया. राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने दलितों, पिछड़ों और अन्य वर्गों की उपेक्षा की. उनके मुताबिक, एक सीट परिवार के सदस्य को दी गई, जबकि दूसरी धनबल के आधार पर बांटी गई, उन्होंने कहा कि सपा के एजेंडे में परिवार के बाहर किसी के लिए जगह नहीं है.

चुनावी हार पर ईवीएम को दोष देने का आरोप

मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव जीतने पर ये दल इसे अपना पुरुषार्थ बताते हैं, लेकिन हारने पर ईवीएम को दोष देते हैं, उन्होंने चुनाव आयोग पर सवाल उठाने और न्यायालय पर टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया. मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर भ्रष्टाचार, दंगों और अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप लगाते हुए कहा कि अब प्रदेश में कोई दंगा नहीं कर सकता.

आपदा में 24 घंटे के भीतर मुआवजे का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा में जनहानि होने पर पीड़ित परिवार को 24 घंटे के भीतर मुआवजा देने का निर्णय लिया गया है. मानव-वन्यजीव संघर्ष में जनहानि या पशुहानि होने पर भी अगले 24 घंटे में मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा, उन्होंने दावा किया कि साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है.

10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले दस वर्षों में बलरामपुर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं के लिए धनराशि भेजी गई है, उन्होंने बताया कि मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय का सत्र शुरू हो चुका है और भवन तैयार होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकार्पण के लिए आमंत्रित किया जाएगा. अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है. मुख्यमंत्री ने रिंग रोड, चीनी मिल विस्तार, थारू संग्रहालय और मथुरा घाट पुल का भी उल्लेख किया, उन्होंने कहा कि बलरामपुर को विकास के मामले में पिछड़ने नहीं दिया जाएगा.

लाभार्थियों को लैपटॉप, चेक और स्वीकृति पत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभागीय प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया और एक छात्रा के विज्ञान मॉडल की सराहना की, उन्होंने एक बच्चे का अन्नप्राशन कराया. मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत विकास यादव और मोहम्मद शादाब को लैपटॉप दिए गए. किरण वर्मा और हिमांश यादव को कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए चार-चार लाख रुपये की सहायता से संबंधित चाबियां सौंपी गईं.

अजय कुमार पाल, हसन रजा और गुफरान अंसारी को युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत पांच-पांच लाख रुपये के चेक दिए गए. किसना देवी और ननका देवी को आवास स्वीकृति पत्र दिए गए, जबकि गुड़िया वर्मा और पिंकी को आजीविका मिशन के तहत 45 लाख रुपये का चेक सौंपा गया.

जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

बलरामपुर विधायक पल्टूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, उन्होंने 2027 में सभी 403 विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत का दावा करते हुए लोगों से योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया. उतरौला विधायक रामप्रताप वर्मा ने कहा कि 2017 से पहले व्यापारी और महिलाएं भय के माहौल में रहते थे, उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार ने अपराधियों और माफिया के खिलाफ कार्रवाई कर शिक्षा और विकास को गति दी है.

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, विधान परिषद सदस्य साकेत मिश्रा और अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू और उतरौला नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सविता गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें- नंदीग्राम में BJP की ऐतिहासिक जीत, 1.22 लाख वोटों से हसीरानी रथ ने मारी बाजी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button