बड़ी ख़बरस्वास्थ्य

दिल्ली में स्वाइन फ्लू का बढ़ा प्रकोप, एक दिन में सामने आए 48 नए मामले

Swine Flu Delhi : दिल्ली में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 अगस्त को 48 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही इस साल दिल्ली में एच1एन1 के कुल मामले 3,629 हो गए हैं। इनमें 3,054 मामले दिल्ली के और 575 मामले बाहर के हैं।

फ्लूएंजा के कुल मामले 5 हजार के पार

फ्लूएंजा ए और बी को मिलाकर इस साल अब तक कुल 5,029 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि सामान्य खांसी-जुकाम या हल्के बुखार में बिना जरूरत अस्पताल जाने से बचना चाहिए। हालांकि, तेज बुखार, ज्यादा ठंड लगने या सांस लेने में परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय मदद लेने की सलाह दी गई है।

बारिश के बीच बढ़ा मच्छरों का प्रकोप

दिल्ली में बारिश के साथ मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। अगस्त में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के मामलों में इस साल अब तक के मुकाबले तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है। डेंगू के कुल 311 मामलों में से 90 मामले अगस्त में सामने आए हैं। इसी तरह मलेरिया के 119 मामलों में 53 और चिकनगुनिया के 22 मामलों में आठ अगस्त में दर्ज हुए हैं।

अगस्त में डेंगू के मामले दोगुने से ज्यादा बढ़े

एमसीडी के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में डेंगू के 40 मामले सामने आए थे, जो अगस्त में बढ़कर 90 हो गए। इससे पहले अप्रैल में 52, मई में 35 और जून में 39 मामले दर्ज किए गए थे। अगस्त में हुई इस बढ़ोतरी ने मच्छर नियंत्रण को लेकर प्रशासन की चुनौती बढ़ा दी है।

पश्चिमी क्षेत्र में डेंगू के सबसे ज्यादा मामले

क्षेत्रवार आंकड़ों में पश्चिमी क्षेत्र 47 मामलों के साथ सबसे आगे है। इसके बाद मध्य क्षेत्र में 39, उत्तरी शाहदरा में 32, सिविल लाइंस में 28 और दक्षिणी क्षेत्र में 21 मामले दर्ज किए गए हैं। सिटी एसपी में 19, नजफगढ़ में 18, रोहिणी में 17 और नरेला में 16 मामले सामने आए हैं।

मलेरिया के आधे से ज्यादा मामले अगस्त में

मलेरिया ने भी अगस्त में तेजी पकड़ी है। जनवरी से जुलाई तक 66 मामले सामने आए थे, जबकि अकेले अगस्त में 53 नए मामले दर्ज हो चुके हैं। इस साल अब तक सामने आए 119 मामलों में करीब आधे अगस्त महीने के हैं। पश्चिमी क्षेत्र में 22 मामले सबसे ज्यादा हैं, जबकि दक्षिणी क्षेत्र में 17 और मध्य क्षेत्र में 16 मामले मिले हैं।

चिकनगुनिया की रफ्तार भी बढ़ी

चिकनगुनिया के मामले संख्या में कम हैं, लेकिन अगस्त में इसमें भी बढ़ोतरी देखी गई। जनवरी में एक, फरवरी में एक, मार्च में तीन, अप्रैल में दो, मई में चार, जून में तीन और जुलाई में तीन मामले सामने आए थे। अगस्त में अब तक आठ मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

ये भी पढ़ें – जलती चिता से निकालकर खाई मांस, उज्जैन के चक्रतीर्थ श्मशान का वीडियो वायरल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button