
Punjab Assembly Election : राजधानी लखनऊ स्थित बसपा कार्यालय में मंगलवार को हुई बैठक में मायावती ने पंजाब के साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में पार्टी की गतिविधियों और संगठन की स्थिति का जायजा लिया। बैठक में पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
किसी दल से गठबंधन नहीं करेगी बसपा
मायावती ने स्पष्ट किया कि पंजाब में बसपा आगामी विधानसभा चुनाव किसी भी दल के साथ गठबंधन या समझौते के बिना अपने दम पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि चुनावी गठबंधन से पार्टी को सीटों और वोट प्रतिशत दोनों में नुकसान होने की आशंका रहती है। ऐसे में कार्यकर्ताओं का मनोबल मजबूत रखते हुए विरोधियों के साम, दाम, दंड और भेद जैसे हथकंडों का मुकाबला करने की तैयारी जरूरी है।
कर्मठ और ईमानदार लोगों को टिकट देने पर जोर
मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले वर्ष की शुरुआत में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में कर्मठ और ईमानदार लोगों को उम्मीदवार बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य पंजाब की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भाजपा समेत अन्य दलों से नाराज जनता को बसपा की नीतियों से जोड़ना है।
गरीब और वंचित वर्गों तक पहुंचाने होंगे अंबेडकरवादी विचार
बसपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी के माध्यम से गरीब, बेरोजगार और वंचित वर्गों को आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय की अंबेडकरवादी नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के निर्देश
मायावती ने पंजाब में पार्टी संगठन को पोलिंग बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पिछले वर्ष हुई ऑल इंडिया बैठक में संगठन को लेकर दिए गए दिशा-निर्देशों की समीक्षा की और कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने पर जोर दिया।
कांशीराम की पुण्यतिथि कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारी
मायावती ने कहा कि पंजाब में नौ अक्तूबर को होने वाले पार्टी संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि कार्यक्रम को पिछले वर्ष के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी तैयारी के साथ सफल बनाया जाए। बैठक में कांशीराम को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
‘जनकल्याणकारी दिवस’ पर आर्थिक सहयोग बढ़ाने के निर्देश
मायावती ने 15 जनवरी 2027 को आयोजित होने वाले ‘जनकल्याणकारी दिवस’ के अवसर पर बसपा पंजाब स्टेट यूनिट को पिछले बार की तुलना में बेहतर आर्थिक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे अंबेडकरवादी कारवां और आंदोलन को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
पंजाब में भी यूपी-उत्तराखंड की तरह अकेले चुनाव लड़ेगी बसपा
मायावती ने दोहराया कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तरह पंजाब में भी बसपा किसी गठबंधन या समझौते के बिना विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को प्रभावी तरीके से पहुंचाने का आह्वान किया।
ये भी पढ़ें – किसान 80 हजार रुपये तक की सब्सिडी का लाभ लेकर मशरूम उत्पादन यूनिट स्थापित कर सकते हैं : मोहिंदर भगत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









