Delhi NCRराष्ट्रीय

Delhi Protest : PM मोदी का फास्ट ट्रैक कोर्ट का ऐलान, आज भी 16 मेट्रो स्टेशन बंद, कनॉट प्लेस में बाजार बंद रखने की अपील

Delhi Protest : NEET पेपर लीक मामले पर जारी छात्र आंदोलन आए दिन बढ़ता जा रहा है। केंद्र सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत को लेकर गतिरोध भी जारी है। सरकार ने गुरुवार को कहा कि वह कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधियों से बातचीत के लिए तैयार है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि पिछले 24 घंटे में CJP को बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास और कार्यालय पर बातचीत के लिए चार बार प्रस्ताव भेजा गया, लेकिन संगठन ने इन प्रस्तावों को स्वीकार नहीं किया।

CJP प्रवक्ता सौरव दास ने सरकार के प्रस्ताव पर कहा कि अगर सरकार वास्तव में बातचीत करना चाहती है तो वह जंतर-मंतर या किसी तटस्थ स्थान पर आए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी किसी नेता के घर या कार्यालय जाकर बातचीत नहीं करेंगे।

20 जून से जारी है छात्रों का प्रदर्शन

NEET पेपर लीक मामले में कार्रवाई और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP के नेतृत्व में छात्र 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी इस आंदोलन के समर्थन में अनशन पर हैं। 28 जून से अनशन कर रहे वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मेट्रो स्टेशन बंद, यात्रियों को हुई परेशानी

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के कई 16 या 17 स्टेशन लगातार दूसरे दिन बंद रहे। बाद में झंडेवाला मेट्रो स्टेशन को भी बंद कर दिया गया। मेट्रो सेवाएं प्रभावित होने से बड़ी संख्या में ऑफिस जाने वाले लोगों और आम यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा, जिससे उन्हें समय और अतिरिक्त खर्च दोनों का सामना करना पड़ा।

कनॉट प्लेस में बाजार बंद रखने की अपील

नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने 23 जुलाई को सुरक्षा स्थिति को देखते हुए कनॉट प्लेस क्षेत्र की दुकानों, कार्यालयों और रेस्टोरेंट को शाम 6:30 बजे तक बंद रखने की अपील की। NDMC ने भी इलाके की स्थिति को देखते हुए एडवाइजरी जारी की। जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस के बीच करीब एक किलोमीटर की दूरी होने के कारण प्रदर्शन का असर आसपास के इलाकों जैसे जनपथ, बाराखंभा रोड, मंडी हाउस और संसद मार्ग पर भी देखने को मिला।

आलिया भट्ट ने छात्रों का किया समर्थन

फिल्म अभिनेत्री आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया के जरिए प्रदर्शनकारी छात्रों का समर्थन किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि छात्रों का संघर्ष यह सवाल उठाता है कि क्या देश वास्तव में उन युवाओं की आवाज सुन रहा है, जो भविष्य की नींव हैं।

सोनम वांगचुक की पत्नी ने उठाए सवाल

अनशन कर रहे सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ने कहा कि छात्रों को अपराधियों की तरह नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास जाने के बजाय जंतर-मंतर पहुंचकर छात्रों के साथ खड़ा होना चाहिए था।

पीएम मोदी ने कार्रवाई का दिया भरोसा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में तेजी से सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

दिल्ली हाईकोर्ट में प्रदर्शन को लेकर सुनवाई

CJP के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई होनी है। एक जनहित याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के कारण दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

CJP संस्थापक की मां ने लाठीचार्ज पर जताई चिंता

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके की मां अनीता दीपके ने जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुई कार्रवाई देखकर उन्हें दुख हुआ और सरकार से अपील की कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों की बात सुनी जाए। उन्होंने हिरासत में लिए गए छात्रों को जल्द रिहा करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने शुरुआत में ही छात्रों की मांगों पर ध्यान दिया होता तो हालात इतने गंभीर नहीं होते।

केजरीवाल ने सरकार पर साधा निशाना

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने NDTA की एडवाइजरी साझा करते हुए सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार एक बार फिर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कार्रवाई करेगी। फिलहाल जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, सरकार और CJP के बीच बातचीत की कोशिश और दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थिति लगातार बनी हुई है।

ये भी पढ़ें- Punjab Education : पहली से 12वीं तक AI बनेगा मुख्य विषय, 31.5 लाख छात्रों को मिलेगा फायदा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button