Noida Police : नोएडा के थाना सेक्टर-39 पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया। वहीं, उसके एक नाबालिग साथी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की स्विफ्ट डिजायर कार, चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-39 पुलिस टीम मॉल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लेबर चौक की ओर से आ रही एक सफेद रंग की डिजायर कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार युवक ने रुकने के बजाय तेज रफ्तार में कार दौड़ा दी और ग्राम सदरपुर की तरफ भागने लगा।
जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
पुलिस टीम ने कंट्रोल रूम को सूचना देते हुए कार का पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने कार को सेक्टर-42 जंगल की ओर मोड़ दिया और गाड़ी से उतरकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी की पहचान भानू उर्फ सागर पुत्र बच्चनराम निवासी जे.जे. कॉलोनी, सेक्टर-18 नोएडा, मूल निवासी ग्राम उपराड़ी, थाना रानीखेत, जिला अल्मोड़ा उत्तराखंड के रूप में हुई है। उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

अट्टा मार्केट से चोरी की गई स्प्लेंडर
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की डिजायर टैक्सी कार भी बरामद की, जो थाना सेक्टर-39 में दर्ज मुकदमे से संबंधित बताई गई है। इसके अलावा कॉम्बिंग अभियान के दौरान आरोपी के दूसरे साथी बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया। उसके पास से अवैध चाकू बरामद हुआ। उसकी निशानदेही पर अट्टा मार्केट से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पूछताछ में आरोपी भानू उर्फ सागर ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर 6 जुलाई 2026 को जीआईपी मॉल गेट के पास से डिजायर टैक्सी कार चोरी की थी। इसके अलावा दो दिन पहले अट्टा मार्केट से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी चोरी की गई थी।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण
भानू उर्फ सागर पुत्र बच्चनराम, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी ग्राम उपराड़ी, थाना रानीखेत, जिला अल्मोड़ा (उत्तराखंड), वर्तमान पता जे.जे. कॉलोनी, सेक्टर-18, नोएडा।
बरामद सामान
.315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस
चोरी की स्विफ्ट डिजायर टैक्सी कार (रजिस्ट्रेशन नंबर UP92 AT9824)
चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट
एक अवैध चाकू
पुलिस के मुताबिक, आरोपी भानू उर्फ सागर के खिलाफ थाना सेक्टर-20 और सेक्टर-39 नोएडा में चोरी, अवैध हथियार और अन्य धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़ें- कनाडा में फतेहाबाद के युवक की मौत, झील में बोटिंग के दौरान हुआ हादसा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









