Madhya Pradeshराज्य

ग्वालियर में लड्डू गोपाल की गुम हुई प्रतिमा की तलाश के लिए एसआईटी गठित, पुलिस चला रही ‘मिशन कान्हा’

Gwalior News : ग्वालियर में आस्था से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस किसी अपराधी की नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की गुम हुई प्रतिमा की तलाश कर रही है. ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित अलकापुरी निवासी विजया शर्मा भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त हैं और अपने आराध्य लड्डू गोपाल को हमेशा अपने साथ रखती थीं. लेकिन 29 जनवरी 2026 को महाराज बाड़ा की सब्जी मंडी में खरीदारी के दौरान भीड़ में उनकी प्रतिमा गुम हो गई.

विजया के परिवार के लिए यह प्रतिमा केवल पूजा का साधन नहीं, बल्कि घर के सबसे प्रिय सदस्य जैसी है. विजया की मां का निधन हो चुका है और यह प्रतिमा उन्हें उनकी नानी ने भेंट की थी. प्रतिमा के गुम होने के बाद पूरे घर में मायूसी का माहौल है.

थाने से लेकर आईजी कार्यालय तक गुहार

प्रतिमा के गुम होने के बाद विजया ने लगातार पुलिस से मदद मांगी, उन्होंने कोतवाली थाने से लेकर सीएसपी, एसपी और अंततः ग्वालियर रेंज के आईजी कार्यालय तक कई बार गुहार लगाई. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, आसपास के लोगों से पूछताछ की और अपने स्तर पर तलाश भी की, लेकिन कई महीनों की कोशिशों के बावजूद प्रतिमा बरामद नहीं हो सकी.

आईजी ने गठित की एसआईटी

पीड़िता की भावुक अपील पर संज्ञान लेते हुए ग्वालियर रेंज के आईजी रवी अरविंद सक्सेना ने विशेष दल (SIT) बनाने का निर्देश दिया. इसके बाद सीएसपी किरण अहिरवार ने टीम का गठन किया, जिसका नेतृत्व कोतवाली थाना प्रभारी कर रहे हैं. एसआईटी में कोतवाली, जनकगंज और माधोगंज थानों के छह पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है. पुलिस इस अभियान को अनौपचारिक रूप से “मिशन कान्हा” नाम दे चुकी है.

आमतौर पर पुलिस हत्या, चोरी और लूटपाट जैसे अपराधों की जांच के लिए एसआईटी बनाती है, लेकिन इस बार एक श्रद्धालु की आस्था से जुड़े मामले में विशेष टीम गठित की गई है. टीम बाजार क्षेत्र के सीसीटीवी खंगालने के साथ-साथ लोगों से पूछताछ कर हर संभव प्रयास कर रही है.

5000 रुपये का इनाम घोषित

विजया शर्मा ने प्रतिमा की तलाश में लोगों का सहयोग पाने के लिए 5000 रुपये के इनाम की घोषणा की है, उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि यदि किसी को भी प्रतिमा के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या परिवार को सूचित करें.

अरविंद सक्सेना ने कहा कि इससे पहले भी पुलिस ने पूरी कोशिश की थी, लेकिन सफलता नहीं मिली. अब मामले की नए सिरे से जांच की जाएगी.

ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button