Rajasthanराज्य

बोलेरो और डंपर की भीषण टक्कर के बाद लगी आग, तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत

Churu Accident : चूरू के सादुलपुर इलाके में गुरुवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया. जिसमें तीन लोगों की जान चली गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा थिरपाली बड़ी और थिरपाली छोटी गांवों के बीच उस समय हुआ जब एक बोलेरो जीप और डंपर आमने-सामने टकरा गए.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई. कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वाहन पूरी तरह उसकी चपेट में आ गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जबकि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया.

पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही हमीरवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिछपाल सिंह और आईपीएस अधिकारी अभिजीत पाटिल भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. दमकल विभाग को बुलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया, हालांकि आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. अधिकारियों के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोग वाहन में फंसकर आग की चपेट में आ गए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

मृतकों की पहचान और जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि बोलेरो चूरू नंबर की थी और उसमें सवार लोग सिधमुख क्षेत्र से पिलानी एक बारात में शामिल होकर लौट रहे थे. फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. हादसे के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा.

ये भी पढ़ें- यूपी में 69 हजार शिक्षक भर्ती पर लखनऊ में प्रदर्शन, विधानसभा घेराव की कोशिश

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button