Rajasthanराज्य

कनाडा में राजस्थान के युवक की मौत, 10 दिन बाद भी नहीं पहुंचा शव; परिवार ने राष्ट्रपति से लगाई गुहार

Rajasthan Youth Death Canada : राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं क्षेत्र के निवासी राघव सोनी उर्फ राघवेंद्र की 11 अप्रैल को कनाडा के टोरंटो स्थित ब्रैम्पटन शहर में एक नाव हादसे के दौरान हर्ट लेक झील में डूबने से मौत हो गई थी. इस घटना को 10 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक उनका पार्थिव शरीर भारत नहीं लाया जा सका है.

राघव सोनी के पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाकर सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराने की मांग को लेकर विदेशों में संकटग्रस्त भारतीयों की मदद करने वाले राजस्थान बीज निगम के पूर्व निदेशक और बूंदी निवासी चर्मेश शर्मा ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम राष्ट्रपति सचिवालय में याचिका दायर की है.
इसके साथ ही चर्मेश शर्मा ने नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव विक्रम मिस्री के नाम भी आधिकारिक शिकायत दर्ज करवाई है, लेकिन अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.

अंतिम दर्शन के इंतजार में परिजन

मौत के 10 दिन बाद भी पार्थिव शरीर भारत नहीं पहुंचने से परिजन गहरे दुख और बेचैनी में हैं. परिवार के लिए समय बिताना मुश्किल हो गया है और वे राघव के अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे हैं. राघवेंद्र की बहन की सहेली के पति जाफर ने आवश्यक दस्तावेज जुटाकर चर्मेश शर्मा से मदद की गुहार लगाई थी. इसके बाद शर्मा ने राष्ट्रपति सचिवालय के साथ-साथ विदेश मंत्रालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई.

भारत सरकार से हस्तक्षेप की मांग

बता दें कि राष्ट्रपति के नाम दी गई याचिका में कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार किसी भी देश में मृत्यु होने पर दिवंगत व्यक्ति का सम्मानजनक अंतिम संस्कार उसका प्राकृतिक, कानूनी और मानवीय अधिकार है. ऐसे में 10 दिन बाद भी पार्थिव शरीर को कनाडा से भारत नहीं भेजा जाना इन सिद्धांतों के विपरीत बताया गया है. याचिका में भारत सरकार से आग्रह किया गया है कि कनाडा सरकार और वहां के प्रशासन के साथ कूटनीतिक स्तर पर समन्वय कर राघव सोनी के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द उनके परिवार तक पहुंचाया जाए.

ये भी पढ़ें- वृंदावन पहुंचे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा, संत प्रेमानंद महाराज के किए दर्शन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button