USA News : अमेरिका के कैलिफोर्निया में लापता भारतीय छात्र की मौत हो गई है. भारतीय दूतावास (अमेरिका) ने जानकारी दी है कि पुलिस को छात्र का शव बरामद हुआ है. मृतक छात्र की पहचान 22 वर्षीय साकेत श्रीनिवासैया के रूप में हुई है. वह कर्नाटक का रहने वाला था और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले में पोस्ट ग्रेजुएट की पढ़ाई कर रहा था.
द बर्कले स्कैनर की रिपोर्ट के अनुसार, लापता छात्र का बैकपैक पार्क हिल्स इलाके में एक घर के दरवाजे पर मिला था. बैकपैक के अंदर छात्र का पासपोर्ट और लैपटॉप मौजूद था. वहीं, भारतीय वाणिज्य दूतावास, सैन फ्रांसिस्को ने छात्र की गुमशुदगी पर गहरी चिंता जताई थी. पुलिस के अनुसार, 22 छात्र साकेत श्रीनिवासैया को आखिरी बार ड्वाइट ने का 1700 ब्लॉक इलाके में देखा गया था. यह स्थान सैन फ्रांसिस्को के नजदीकी क्षेत्र में स्थित है.
श्रीनिवासैया का शव मिलने की पुष्टि की
भारतीय वाणिज्य दूतावास, सैन फ्रांसिस्को ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि स्थानीय पुलिस ने लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव मिलने की पुष्टि कर दी है.
कॉन्सुलेट ने कहा, “यह जानकारी साझा करते हुए हमें दुख हो रहा है. इस अत्यंत कठिन समय में हम उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं. दूतावास परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगा, जिसमें स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय और पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने की व्यवस्था शामिल है. हमारे अधिकारी लगातार परिवार के संपर्क में हैं और सभी आवश्यक औपचारिकताओं व सेवाओं में उनकी मदद करेंगे.”
टिल्डेन रीजनल पार्क में तलाशी की गई
22 वर्षीय साकेत श्रीनिवासैया यूनिवर्सिटी में केमिकल एंड बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग विभाग से मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे थे, उन्होंने वर्ष 2025 में आईआईटी मद्रास से बीटेक की डिग्री हासिल की थी.
पुलिस ने उन्हें ‘एट-रिस्क’ यानी जोखिम श्रेणी में रखते हुए उनकी तलाश तेज कर दी थी. इस दौरान लेक अंजा और उसके आसपास स्थित टिल्डेन रीजनल पार्क क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया. इसके बाद पुलिस ने साकेत श्रीनिवासैया का शव मिलने की पुष्टि की.
ये भी पढ़ें- नोएडा वासियों को PM Modi का तोहफा, एक्वा लाइन मेट्रो के विस्तार को दी मंजूरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









