
Weather Forecast : दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे का प्रकोप लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। शनिवार सुबह कई इलाकों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ा। खराब मौसम के चलते 81 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं, वहीं सड़क यातायात भी बाधित हुआ है।
शनिवार (4 जनवरी) को हरियाणा के हिसार में घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की जान चली गई। उधर, दिल्ली हवाई अड्डे पर भी कोहरे का असर देखने को मिला। उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया, जबकि 15 फ्लाइट्स का रूट बदलना पड़ा।
60 उड़ानों को रद्द किया गया
शनिवार को खराब मौसम के कारण देशभर में 360 से अधिक फ्लाइट्स लेट हो गई और लगभग 60 उड़ानों को रद्द कर दिया गया। दिल्ली हवाई अड्डे से 12.15 बजे 1.30 बजे के बीच 15 उड़ानों का रूट बदला गया। इंडिगो और एयर इंडिया सहित एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए परामर्श जारी कर कहा, “खराब विजिबिलिटी के कारण दिल्ली और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों उड़ान संचालन प्रभावित रहेगी।” इंडिगो ने कहा, “उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में कोहरे की स्थिति अलग-अलग हो रही है। कोहरे की वजह से उड़ानों की टाइमिंग प्रभावित हो सकती है।”
कोलकाता एयरपोर्ट पर 5 फ्लाइट रद्द
वहीं फ्लाइट मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइटरडार के अनुसार, कोलकाता एयरपोर्ट पर 65 फ्लाइट सेवाओं में देरी हुई और पांच को रद्द कर दिया गया। चंडीगढ़, अमृतसर, आगरा और उत्तर भारत के कई अन्य एयरपोर्ट पर भी यही स्थिति रही। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, लखनऊ, आगरा, करनाल, गाजियाबाद, अमृतसर, जयपुर और कई अन्य स्थानों पर विजिबिलिटी में कमी के कारण वाहनों की गति बेहद धीमी हो गई है।
कोहरे के कारण कई ट्रेनें लेट
बता दें कि मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार रात 11.30 बजे से ही हवाई अड्डे पर जीरो विजिबिलिटी, घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है। उत्तर रेलवे ने जानकारी दी की कुल 59 ट्रेन अपने निर्धारित समय से 6 घंटे की देरी से चल रही है। जबकि 22 ट्रेन करीब 8 घंटे की देरी से चल रही हैं।
वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार सुबह 9 बजे AQI (वायु गुणवत्ता सुचकांक) 380 दर्ज किया गया जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।
दिल्ली-यूपी में जारी रहेगा कोहरा का कहर: IMD
बता दें की भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के लिए दिल्ली में ठंड और घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। साथ ही ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। यूपी की राजधानी लखनऊ में शनिवार सुबह 5.30 बजे तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में शनिवार सुबह 5.30 बजे तापमान -0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पहाड़ों पर बर्फबारी संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक हिमालय क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर और अन्य राज्यों में अगले 4-5 दिनों के दौरान बर्फबारी की संभावना है, जिसका असर मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा। अगले 4-5 दिनों में मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा, आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम या पूर्वी भारत में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। उत्तर प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है, यहां रात में पाला भी पड़ने लगा है। 15 जनवरी तक यूपी में इसी तरह शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी।
यह भी पढ़े : चेस ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला और पुरुष टीम से मिले PM मोदी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप