
Surprise Visit of CM Mann : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को राजपुरा तहसील में एक सप्राइज विजिट के लिए पहुंचे। मौके पर उन्होंने मौजूद लोगों से भी बात की उनसे तहसील की सच्चाई जानी कि क्या यहां पर काम हो रहा है। उन्होंने ये भी जाना की क्या उनसे पैसे तो नहीं मांगे जा रहे हैं। इस पर लोगों ने बताया कि उन्हें मान सरकार के दौर में काफी फर्क देखने को मिला है। जब से मान सरकार आई है तब से लोगों के काम तेजी से हो रहे हैं।
मीडिया से बात करते समय मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा की इस विजिट को रेड की तरह न लिया जाए. वो यहां पर लोगों से उनकी दिकत और परेशानियां जानने आए थे। सिर्फ आम जनता से ही नहीं बल्कि अधिकारियों को भी जो दिकत आ रही है वो भी सुनी। उन्होंने बताया की उन्होंने देखा की सभी अधिकारी मौके पर मौजूद थे। लोगो के काम लगातार हो रहे हैं और अधिकारियों ने बताया की वो पूरी कोशिश करते हैं कि जितने भी लोग यहां आएं, उनका काम पूरा कर के ही भेजें.
सीएम मान ने अपने एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि आज मैंने राजपुरा स्थित तहसील परिसर का औचक दौरा किया. लोगों से बातचीत की. लोगों को संतुष्टि मिली कि अब उनका काम बिना किसी रुकावट के चल रहा है. प्रदेशवासियों को अच्छी सुविधाएं देना सरकारों का कर्तव्य है. जिसे हम पूरी लगन से निभा रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य अधिकारियों में किसी किस्म का कोई नुक्स निकालना नहीं है, बल्कि इसका मकसद सरकारी कार्यालयों में कामकाज को और सुचारू बनाना है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों ने पहली बार देखा है कि राज्य का कोई मुख्यमंत्री सरकारी कार्यालयों का दौरा कर रहा है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इसका उद्देश्य केवल राज्य के लोगों को समय पर सभी प्रकार की नागरिक केंद्रित सेवाएं सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सरकारी अधिकारी अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी और तत्परता से निभाएं ताकि सरकारी कार्यालयों के दौरे के दौरान लोगों को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोगों को निर्बाध सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो कि तकनीक आधारित इस आधुनिक युग में समय की मांग है। भगवंत सिंह मान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे किसी भी समय किसी भी सरकारी कार्यालय, स्कूल या अस्पताल का दौरा कर सकते हैं और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि लोगों के रोजमर्रा के दफ्तरों के दौरे दौरान उनके कामकाज को बिना किसी कठिनाई के तुरंत निपटाया जाए। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस उद्देश्य के लिए जिला स्तर पर सी.एम. विंडो/हेल्प सेंटर स्थापित किया जा रहा है, जहां प्रशासनिक अधिकारी आम लोगों की समस्याओं के निपटारे के लिए उनकी मदद करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि जिला स्तरीय मुद्दों का मौके पर ही निपटारा किया जाएगा और बाकी मुद्दों को मुख्य कार्यालय में आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही। राज्य सरकार राज्य के लोगों को स्वच्छ, प्रभावशाली और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि आज़ादी के बाद राज्य में पहली बार भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम चलाई गई है। राज्य सरकार जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री के लिए एन.ओ.सी. प्रणाली को समाप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय का एकमात्र उद्देश्य आम लोगों की सहायता करना है क्योंकि गैर-कानूनी कोलोनाइज़र लोगों को आकर्षक जगह दिखाकर गुमराह करते हैं और अपनी अवैध कॉलोनियों में प्लॉट बेच देते हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि मजबूरी के मारे इन कॉलोनियों के नागरिकों को भी बुनियादी सुविधाएं प्राप्त करने के लिए जगह-जगह भटकना पड़ता है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार आम लोगों को राहत प्रदान करके उनके हितों की रक्षा करेगी।
रिपोर्टः अमित कुमार, संवाददाता, चंडीगढ़
यह भी पढ़ें : ECI ने पंजाब विधानसभा 2022 के चुनावों में भाग लेने वाले 6 उम्मीदवारों को अयोग्य घोषित किया : सिबिन सी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप