Bihar: षड्यंत्रकारियों के नापाक मंसूबों को करारा झटका- उमेश कुशवाहा

Umesh Kushwaha to Nitish
Umesh Kushwaha to Nitish: पटना में जेडीयू कार्यालय में आज खुशी की लहर है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने विधानसभा में एनडीए सरकार को विश्वास मत प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, एनडीए सरकार एवं बिहार की 13 करोड़ जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति जनता के अटूट विश्वास की जीत है। उनके कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में एनडीए गठबंधन की नव-गठित डबल इंजन की सरकार दोगुनी रफ्तार से जनता के कल्याण और प्रदेश के चैतरफा विकास में पूरी तत्परता से कार्य करेगी।
‘आखिरकार जीत सत्य की हुई’
उमेश सिंह कुशवाहा ने आगे कहा कि एनडीए गठबंधन के विधायकों के समर्थन और संकल्प शक्ति से षड्यंत्रकारियों के नापाक मंसूबों को करारा झटका लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश सरकार को अस्थिर करने के लिए बड़े पैमाने पर धन-बल के प्रयोग एवं तमाम तरह के हथकंडे अपनाए गए थे। हमारी पार्टी के विधायकों के विषय में तरह-तरह की भ्रांतियां भी फैलाई गईं थीं। अंततोगत्वा सत्य की जीत हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विश्वासमत हासिल किया।
‘बिहार की जनता के विश्वास की जीत’
उन्होंने कहा, यह जीत वास्तव में बिहार की जनता की आकांक्षा और विश्वास की जीत है। आज पुनः यह सिद्ध हो गया कि लोकतंत्र की जननी बिहार में लोकतांत्रिक ढंग से जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की नापाक कोशिश को कभी कामयाबी नहीं मिलेगी।
‘नीतीश के लिए राजनीति सेवा का पर्याय’
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार जिस मुहिम को लेकर निकले हैं उसे पूरा किए बेगैर हम चैन से नहीं बैठेंगे। नीतीश कुमार के लिए राजनीति सेवा का पर्याय है। गठबंधन चाहे कोई भी हो उनका निश्चय और जनता के प्रति प्रतिबद्धता कभी नहीं बदली। सुशासन से उन्होंने कभी समझौता नहीं किया और न्याय के साथ विकास के पथ से वे कभी विचलित नहीं हुए।
‘नीतीश ने किया बिहार का कायाकल्प’
वह बोले, बिहार के शोषित, वंचित, गरीब, दबे-कुचले, महिला और युवा वर्ग को सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाना ही नीतीश सरकार का एकमात्र उद्देश्य रहा है। नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में बिहार का कायाकल्प करने का काम किया है। हमारे नेता बिहार की जनता को अपना परिवार मानते हैं। वहीं राजद के लोग अपने परिवार के दायरे से बाहर कभी कुछ सोचते ही नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार की 40 की 40 लोकसभा सीटों पर एनडीए की शानदार जीत दर्ज होगी।
रिपोर्टः सुजीत श्रीवास्तव, ब्यूरोचीफ, बिहार
यह भी पढ़ें: Bihar: जहां भरोसा नहीं, वहां रहने का कोई फायदा नहीं- चेतन आनंद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए।”