Iran US Tensions : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने अमेरिका के लोगो को संबोधित करते हुए एक खुला पत्र जारी किया है, जिसमें उन्होंने दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी रिश्तों को लेकर अहम संदेश दिया, उन्होंने साफ कहा कि ईरान के नागरिक आम अमेरिकियों को दुश्मन नहीं मानते और दोनों देशों की जनता को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करना सही नहीं है.
अपने पत्र में उन्होंने यह भी जोर दिया कि ईरानी समाज किसी भी देश के लोगों के प्रति नफरत की भावना नहीं रखता. उनके मुताबिक यह कोई राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि एक गहरी सोच और मूलभूत सिद्धांत का हिस्सा है. उनका यह संदेश ऐसे समय पर आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्र के नाम संबोधन की चर्चा तेज है.
पश्चिमी देशों के नजरिए पर सवाल
वहीं, ईरानी राष्ट्रपति ने पश्चिमी देशों द्वारा ईरान को खतरे के रूप में पेश किए जाने पर भी सवाल उठाए, उन्होंने कहा कि यह धारणा न तो ऐतिहासिक तथ्यों से मेल खाती है और न ही मौजूदा हालात को दर्शाती है. साथ ही उन्होंने अमेरिका की सैन्य कार्रवाइयों पर भी सवाल खड़े करते हुए पूछा कि क्या वास्तव में ईरान से ऐसा कोई सीधा खतरा था, जो इस तरह के कदमों को जायज ठहराता हो.
अमेरिका की वैश्विक छवि पर असर की बात
उन्होंने युद्ध के दौरान आम नागरिकों की जान जाने और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने को गंभीर चिंता का विषय बताया और कहा कि इससे अमेरिका की वैश्विक छवि पर भी असर पड़ता है. इसके अलावा उन्होंने यह संकेत भी दिया कि अमेरिका की भूमिका कहीं किसी अन्य देश के प्रभाव में तो नहीं है, और अप्रत्यक्ष रूप से इजरायल के संदर्भ में भी सवाल उठाए.
अपने संदेश में उन्होंने 1953 के तख्तापलट, लंबे समय तक लगे आर्थिक प्रतिबंधों और पुराने विवादों का जिक्र करते हुए कहा कि इन सबने दोनों देशों के बीच भरोसे को कमजोर किया है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ने कभी पहल करके संघर्ष का रास्ता नहीं चुना, बल्कि हमेशा अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दी है.
संवाद और समझदारी पर जोर
अंत में उन्होंने दुनिया को एक नाजुक मोड़ पर बताते हुए कहा कि टकराव की नीति अब ज्यादा नुकसानदेह साबित हो रही है, उन्होंने संवाद और समझदारी को आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया और अमेरिकी नागरिकों से अपील की कि वे एकतरफा जानकारी पर निर्भर न रहें, बल्कि ईरान और उसके लोगों को बेहतर तरीके से समझने की कोशिश करें.
ये भी पढ़ें- चंबल एक्सप्रेस में नशा खुरानी का खुलासा, सात आरोपी गिरफ्तार, साधु के वेश में घटना को दिया अंजाम
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








