Punjab

‘युद्ध नशों विरुद्ध’ : 312वें दिन पंजाब पुलिस ने 6.2 किलोग्राम हेरोइन सहित 107 नशा तस्करों को किया गिरफ्तार

Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा राज्य से नशों के पूर्ण उन्मूलन के लिए चलाई जा रही मुहिम “युद्ध नशों विरुद्ध” के लगातार 312वें दिन पंजाब पुलिस ने आज 296 स्थानों पर छापेमारी की. इस दौरान राज्य भर में 107 नशा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए 82 एफआईआर दर्ज की गईं. इसके साथ ही 312 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या अब 43,544 हो गई है.

छापेमारी के परिणामस्वरूप गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 6.2 किलोग्राम हेरोइन, 7 किलोग्राम भुक्की, 496 नशीली गोलियाँ/कैप्सूल तथा 34,820 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है.

कैबिनेट ने बनाई 5 सदस्यीय निगरानी समिति

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं. पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ इस युद्ध की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के नेतृत्व में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी का गठन भी किया है.

पुलिस टीमों ने 300 संदिग्धों की जांच की

64 राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 800 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 100 से ज्यादा पुलिस टीमों ने पूरे राज्य में 296 स्थानों पर छापेमारी की. इस दिनभर चले अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 300 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की.

राज्य से नशों के उन्मूलन के लिए राज्य सरकार ने तीन-स्तरीय रणनीति-प्रवर्तन (एनफोर्समेंट), नशा मुक्ति (डी-एडिक्शन) और रोकथाम (प्रिवेंशन)-लागू की है. इसी के तहत पंजाब पुलिस ने आज ‘नशा मुक्ति’ पहल के अंतर्गत 41 व्यक्तियों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास उपचार के लिए सहमत किया है.

ये भी पढ़ें – पंजाब में पिडिलाइट इंडस्ट्रीज द्वारा 300 करोड़ रुपये की निवेश परियोजना की घोषणा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button