Uttarakhand: चंपावत में मॉर्निंग वॉक पर निकले सीएम धामी

चंपावत दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मॉर्निंग वॉक कर लोगों से विकास कार्यों पर फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं जानीं और जनता के सुझाव भी लिए। चंपावत के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मॉर्निंग वॉक पर निकले। सीएम धामी सर्किट हाउस से ब्लॉक रोड पर नित्यानंद जोशी की चाय की दुकान पर पहुंचे और उन्होंने सबसे पहले सूर्य नमस्कार किया। इसके बाद चाय की चुस्की के साथ नित्यानंद जोशी और बाकी लोगों से बात करते हुए उनका हाल जाना।
सीएम ने लोगों से सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और विकास के कामों पर भी चर्चा की। इस दौरान वहां मौजूद मासूम रियांश से भी मुख्यमंत्री ने बात की और अपना आशीर्वाद दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री मुख्य बाजार होते हुए गौरलचौड़ मैदान पहुंचे। मुख्य बाजार में उन्होंने दुकानदारों से भी बात कर उनका हाल जाना।
दुकानदारों ने अपनी समस्याएं भी सीएम के सामने रखीं। गौरलचौड़ मैदान पंहुचकर मुख्यमंत्री ने वहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की प्रैक्टिस कर रहे युवाओं से बातें की और उनका उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिलों के दौरों के दौरान मॉर्निंग वॉक कर सरकार के कामकाज पर जनता से फीडबैक लेते हैं।
मुख्यमंत्री का मकसद है कि बगैर किसी ताम झाम के आम जनता से वास्तविक समस्याओं को जाना जाए और विकास के कामों पर जनता की राय ली जाए। जिससे जनभावनाओं के अनुसार गुड गवर्नेंस में मदद मिले। रुद्रप्रयाग और पौड़ी जिले में सीएम धामी ने इसी तरह जनता से फीडबैक लिया। और इसी क्रम में चंपावत में मॉर्निंग वॉक पर निकले मुख्यमंत्री ने लोगों से बातचीत कर उनके मन की बात जानी।