क्या रिंकू सिंह बन चुके हैं भारतीय क्रिकेट टीम के अगले बड़े फिनिशर?

रिंकू सिंह ने नेपाल के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच में 15 गेंद पर 2 चौकों और 4 छक्कों के साथ 37* रन जड़े। रिंकू सिंह ने नेपाल को 246.67 की स्ट्राइक रेट से कूटा। भारत ने पहले खेलते हुए 4 विकेट पर 202 रन बनाए, जवाब में नेपाल 9 विकेट पर 179 रन ही बना सका। भारत 23 रन से मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गया। पहली 7 गेंद पर 7 रन बनाकर खेल रहे रिंकू सिंह ने अगली 8 गेंद पर 375 की स्ट्राइक रेट से 30 रन ठोके।
भारत के नए फिनिशर
रिंकू सिंह ने साबित कर दिया कि वह भारत के नए फिनिशर बन चुके हैं। एशियन गेम्स क्वार्टर फाइनल में रिंकू सिंह ने अकेले दम पर भारतीय टीम को 200 रनों के पार पहुंचा दिया। नेपाल के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत का स्कोर 16.2 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 150 रन था। यशस्वी जयसवाल शानदार शतक जड़कर पवेलियन लौट चुके थे। दूसरे छोर से बल्लेबाज रनों के लिए संघर्ष कर रहे थे। यहां से रिंकू सिंह और शिवम दुबे ने 22 गेंद पर 52 रनों की साझेदारी बनाई।
रिंकू सिंह ने अविनाश बोहरा के 18वें ओवर की तीसरी फुलर लेंथ गेंद को लॉन्गऑफ के ऊपर से छक्के के लिए उड़ा दिया। हवा में ऊंची जाती गेंद के पीछे रिंकू सिंह का कॉन्फिडेंस साफ नजर आ रहा था। रोहित पौडेल के 19वें ओवर की दूसरी गेंद मिडिल स्टंप पर फुलर लेंथ की थी। रिंकू सिंह ने इसे डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्के के लिए भेज दिया।
रिंकू सिंह से बेहतर यह काम दूसरा कोई नहीं कर सकता
अब आखिरी ओवर का खेल शेष था और भारत किसी भी हाल में 200 के पार जाना चाहता था। भारत का स्कोर 19 ओवरों की समाप्ति के बाद 4 विकेट के नुकसान पर 177 रन था। 200 रन से ऊपर का टारगेट सेट करने के लिए कम से कम 23 रन बनाने थे। रिंकू सिंह से बेहतर यह काम दूसरा कोई नहीं कर सकता था। अविनाश बोहरा ने 20वें ओवर की पहली गेंद आउटसाइड ऑफ फुलर लेंथ की रखी।
रिंकू ने बैकवर्ड पॉइंट की दिशा में गेंद को स्लाइस करते हुए कट शॉट पर चौका कर दिया। दूसरी गेंद पर रिंकू ने एक घुटना जमीन पर टिकाया और डीप मिडविकेट के ऊपर से स्लॉग स्वीप पर छक्का उड़ा दिया। अविनाश बोहरा के 20वें ओवर की तीसरी गेंद काफी डिफिकल्ट लोअर फुलटॉस थी। रिंकू ने कलाइयों के सहारे इसे बैकवर्ड पॉइंट के ऊपर से चौके के लिए भेज दिया। यह शॉट अंतिम ओवरों में बाउंड्री हासिल करने की रिंकू सिंह की काबिलियत दिखा रहा था।
रिंकू के बल्ले से तुफान
रिंकू सिंह मैदान के किसी भी हिस्से में बड़े शॉट खेल सकते हैं, वह लास्ट ओवर में यह बात सही साबित कर रहे थे। 20वें ओवर की पांचवीं गेंद आउटसाइड ऑफ फुलर लेंथ डिलीवरी थी और कवर्स के ऊपर से छक्का जड़कर रिंकू सिंह ने भारत के 200 रन पूरे कर दिए। अंतिम गेंद भी वाइड ऑफ लॉन्गऑन से छक्के के लिए जा रही थी।
लेकिन फील्डर ने आखिरी समय पर गेंद को मैदान के अंदर रोक दिया और रिंकू को 2 से संतोष करना पड़ा। 29वें ओवर में 25 रन ठोक कर भारत ने नेपाल के सामने जीत के लिए 203 का लक्ष्य रखा। इसमें 23 रन रिंकू के बल्ले से आए। रिंकू सिंह ने अपने खेल से साबित कर दिया कि वह भारतीय क्रिकेट टीम के अगले बड़े फिनिशर बन चुके हैं।