
Punjab : 3,189 कर्मचारियों को वार्षिक वेतन वृद्धि के बकाया की पहली किश्त के रूप में 1.15 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने आज यहां बताया कि राज्य सरकार ने पनबस कर्मचारियों को उनके बकाया और त्योहार के एडवांस का समय पर वितरण सुनिश्चित किया है और 3,189 कर्मचारियों को वार्षिक वेतन वृद्धि के बकाया की पहली किश्त के रूप में 1.15 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।
परिवहन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार कर्मचारियों की भलाई के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और कर्मचारियों की वित्तीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ठोस कदम उठा रही है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पनबस ने ठेका आधारित और आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए अक्टूबर 2022 से अगस्त 2023 तक की 5 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि के बकाए का वितरण मंजूर कर दिया है।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के बकाये का यह वितरण तीन चरणों में किया जाएगा, जिसके तहत लगभग 1.15 करोड़ रुपये की पहली किश्त 3,189 कर्मचारियों को जारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शेष किश्तों के लिए जनवरी और मार्च 2025 की समय-सीमा निर्धारित की गई है। सितंबर 2023 के बाद कर्मचारियों की बढ़ी हुई तनख्वाहें निर्धारित समय सीमा के भीतर जारी की जा रही हैं।
लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि कर्मचारियों की भलाई के हित में सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए पनबस ने अपने लगभग 4,052 आउटसोर्स को और ठेका आधारित कर्मचारियों को त्योहार के एडवांस के रूप में प्रति कर्मचारी 10,000 रुपये देने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि यह एडवांस उनकी अक्टूबर 2024 की तनख्वाह से दिया जाएगा और बाद में उसी महीने की तनख्वाह से इसे एडजस्ट कर लिया जाएगा।
परिवहन मंत्री ने कर्मचारियों की भलाई के लिए मान सरकार द्वारा किए जा रहे ठोस प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा ये पहल कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखकर की गई हैं।
यह भी पढ़ें : योगी सरकार की नई पहल, प्लास्टिक मुक्त होगा महाकुंभ
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप