Priyanka Kharge : कर्नाटक के आईटी मंत्री प्रियांक खड़गे ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तीखा हमला बोला है. रविवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने आरएसएस की तुलना “शैतान” से करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी उसकी “परछाईं” की तरह काम करती है.
प्रियांक खड़गे ने आरोप लगाया कि आरएसएस पर वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर सवाल हैं और उसके कानूनी दर्जे को लेकर भी संदेह बना हुआ है, उन्होंने कहा कि बीजेपी अपनी विचारधारा की ताकत आरएसएस से लेती है, इसलिए राजनीतिक विरोधियों को केवल भाजपा से नहीं, बल्कि सीधे आरएसएस से मुकाबला करना चाहिए.
भाजपा होती क्षेत्रीय दलों से भी कमजोर
प्रियांक खड़गे ने कहा कि अगर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नहीं होता, तो भारतीय जनता पार्टी की हालत जनता दल (सेक्युलर) से भी खराब होती, उन्होंने कहा, “मैं यह लिखकर दे सकता हूं कि तब बीजेपी क्षेत्रीय दलों से भी बदतर स्थिति में होती.”
उन्होंने आगे कहा कि आज देश में जो राजनीतिक संघर्ष चल रहा है, वह असल में “शैतान की परछाईं” से लड़ने जैसा है. खड़गे ने कहा, “शैतान की परछाईं बीजेपी है और खुद शैतान आरएसएस है. अगर हम परछाईं से लड़ने के बजाय सीधे शैतान से लड़ें, तो देश अपने आप बेहतर दिशा में आगे बढ़ जाएगा.”
खड़गे का आरएसएस पर मनी लॉन्ड्रिंग आरोप
खड़गे ने आरएसएस पर “मनी लॉन्ड्रिंग” में शामिल होने का भी आरोप लगाया और उसके फंड के सोर्स पर भी सवाल उठाया, उन्होंने दावा किया कि संगठन के पास 2,500 से अधिक जुड़े हुए संगठनों का नेटवर्क है, जिनमें से कुछ अमेरिका और इंग्लैंड जैसे देशों में हैं, उन्होंने मांग की कि दूसरे संगठनों और नागरिकों पर लागू होने वाले कानूनी और संवैधानिक नियम आरएसएस पर भी लागू होने चाहिए, उन्होंने कहा, “आरएसएस चाहता है हम अच्छे नागरिक बनें, इनकम टैक्स दें, लेकिन वो खुद इससे आजाद रहना चाहते हैं. यह कैसे संभव है? हमें इस पर भी सवाल उठाना होगा.
कानून और संविधान के तहत कार्रवाई जरूरी
प्रियांक खड़गे ने कहा कि मोहन भागवत यह दावा करते हैं कि उन्हें किसी तरह के रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं है, क्योंकि उनका संगठन केवल व्यक्तियों का समूह है. उन्होंने कहा, “मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि आज नहीं तो कल, रजिस्ट्रेशन करवाना ही पड़ेगा और मैं यह सुनिश्चित करूंगा. जब तक देश में कानून और संविधान मौजूद हैं, तब तक यह होकर रहेगा. इसके लिए सिर्फ राजनीतिक इच्छाशक्ति और संवैधानिक व कानूनी तरीके से काम करने की जरूरत है.”
खड़गे का आरएसएस पर वित्तीय और सांप्रदायिक आरोप
उन्होंने आगे कहा कि अगर सही नीयत के साथ कानून के दायरे में रहते हुए कदम उठाए जाएं, तो किसी भी तरह की सांप्रदायिक ताकतों पर रोक लगाई जा सकती है. चाहे वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हो, या Social Democratic Party of India, या फिर कोई और संगठन.
खरगे ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का 2500 से अधिक संगठनों का नेटवर्क है और अमेरिका-इंग्लैंड समेत कई जगहों से पैसा आता है, उन्होंने आरोप लगाया कि यह मनी लॉन्ड्रिंग जैसा है और सवाल उठाया कि इतना पैसा आखिर कहां से आता है, जबकि आम लोगों से टैक्स देने की बात की जाती है.
ये भी पढ़ें- Ration Card : मोदी सरकार का बड़ा फैसला, राशन की जगह अब सीधे अकाउंट में आएंगे पैसे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









