Politics News: राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बीच अखिलेश ने PDA यात्रा का किया एलान

Politics News: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज यानी 17 जनवरी से पीडीए यात्रा की शुरुआत की है। यह यात्रा 17 जनवरी से 1 फरवरी तक चलेगी। इस यात्रा को ऐसे समय पर निकाला जा रहा है जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ लेकर निकले हैं। आपको बता दें उनकी ये यात्रा यूपी के कई जिलों से होकर गुजरेगी।
2022 की तर्ज पर निकालेंगे यात्रा
साल 2022 में चुनाव के दौरान जिस तरह से यात्रा निकाली गई थी, ठीक उसी तर्ज पर एक बार फिर लोकसभा चुनाव को लेकर रथ यात्रा निकाली जा रही है। इसमें अखिलेश यादव भी पीडीए यात्रा में सवार होंगे। इस यात्रा के लिए ‘संविधान बचाओ देश बचाओ’ का नारा दिया गया है। वहीं अखिलेश यादव ने एक प्रेस वार्ता के दौरान बयान देते हुए कहा कि, भाजपा अपने कार्यक्रमों में नहीं बुलाती, तो वहीं कांग्रेस अपने कार्यक्रमों में नहीं बुलाती। इसलिए हमने ये यात्रा निकाली है। यह यात्रा समाजवादी आंदोलन है, और सपा इसे अपने तरीके से निकालेगी। उन्होंने कहा समाजवादी कार्यकर्ताओं द्वारा पीडीए यात्रा और पीडीए पंचायत यात्रा शुरू की जा रही है। अखिलेश ने कहा कि, जिस तरह से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को नष्ट करने की कोशिश की जा रही है, ऐसे में पीडीए की यह यात्रा हमारे संविधान के रक्षक के रूप में काम करेगी
युवाओं पर क्या बोले अखिलेश?
सपा नेता ने कहा कि NCRB का आंकड़ा देखें तो भाजपा की सरकार जब से सत्ता में आई है तब से एक लाख किसान ने आत्महत्या की है। अब देश के अन्दर नौकरियां भी खत्म हो गई हैं। वहीं सम्मान का रोजगार मिलना भी मुमकिन नहीं है। उन्होंने कहा अब अगर कोई अपना CV दिखाता है तो उसे वेटर या Peon की नौकरी दी जाती है। अखिलेश ने कहा हम वादा करते हैं कि जब समाजवादी पार्टी को मौका मिलेगा तो हम युवाओं को बेहतर रोजगार देंगे।