सेक्स एजुकेशन किताबों में दें न कि विधान परिषद में- सम्राट चौधरी

Nitish Controversial Statement
Nitish Controversial Statement: बिहार के सीएम नीतीश कुमार द्वारा विधानसभा में दिए गए बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कटाक्ष किया है। उन्होंने इस मामले में आरजेडी के तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी पर भी टिप्पणी की है। वहीं पूर्व मंत्री आरसीपी सिंह ने सीएम को मैमोरी लॉस केस बता दिया है।
Nitish Controversial Statement: ‘मां-बेटा तय करें कि कौन सही कौन गलत’
सम्राट ने कहा कि राबड़ी देवी कहती हैं कि गलती से नीतीश के मुंह से निकल गया। पहले मां और बेटा यह तय कर लें कि क्या सही है क्या गलत। दरअसल राबड़ी देवी ने कहा था कि यह बात गलती से सीएम के मुंह से निकल गई। वहीं तेजस्वी यादव ने कहा था कि इसे गलत तरीके से नहीं लेना चाहिए उन्होंने सेक्स एजुकेशन के संदर्भ में ऐसा कहा था।
Nitish Controversial Statement: ‘मैंने की विनती, ऐसा बयान न दें’
वहीं सम्राट बोले, सेक्स एजुकेशन किताबों में देनी चाहिए न कि विधान परिषद में। 12 घंटे के बाद किसी मुख्यमंत्री को यह पता चले कि मैं क्या बोल रहा हूं तो इससे बड़ी शर्म की बात क्या हो सकती है। कल भी मैं सदन में हाथ जोड़कर विनती कर रहा था कि आप गार्जियन हैं ऐसा बयान न दें।
Nitish Controversial Statement: नीतीश पर संगत का असर-आरसीपी सिंह
वहीं कभी मुख्यमंत्री के दाहिने हाथ माने जाने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने कहा कि सीएम को आज सदन जाने से पहले इस्तीफा दे देना चाहिए। यह सब संगत का असर है जिसकी जिस तरह की संगत होती है उस व्यक्ति पर वैसा असर पड़ता है। जब से राजद के साथ गए हैं अनाप सनाप बोल रहे हैं। वे मेमोरी लॉस केस हो चुके हैं। ऐसे लोगों को मुख्यमंत्री के पद पर रहने का कोई हक नही हैं।
‘जब हमारे साथ थे तो होती थी नारी सम्मान की बात’
उन्होंने कहा, जब हम उनके साथ थे उस वक्त नारी सम्मान की बात होती थी। राजनैतिक, शैक्षणिक, रोजगार में आरक्षण देकर उनके मनोबल को बढ़ाने का काम किया था। आज अपमानित करने का काम किया गया। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव जो उनके बयान को गलत ढंग से परोसने की बात कह रहे हैं। वो अपने परिवार के बीच उन्हें ले जाकर यही बात बुलवाएं तो उन्हें समझ आएगा। उन्होंने ऐसी बात ऐसी जगह बोली है जहां महिला विधायक भी हैं। महिला विधायक रोती हुई सदन से बाहर निकलीं इससे शर्मनाक बात और क्या होगी।
रिपोर्टः सुजीत श्रीवास्तव, ब्यूरोचीफ, बिहार
रिपोर्टः आशीष, संवाददाता, नालंदा, बिहार
ये भी पढ़ें: केंद्र ने की जातीय गणना की मांग अस्वीकृत- अशोक चौधरी