Advertisement

भारत तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था, आर्थिक गतिविधियों में सभी क्षेत्रों का अहम योगदान : सीतारमण

Share
Advertisement

New Delhi : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि आर्थिक गतिविधियों में सभी क्षेत्रों के महत्वपूर्ण योगदान के साथ देश सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। भारत में आर्थिक स्थिति पर राज्यसभा में अल्पकालिक चर्चा का उत्तर देते हुए वित्त मंत्री सीतारमण ने पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के कार्यकाल की विभिन्न योजनाओं को नाम के वास्ते आरंभ किए जाने का दावा किया। इसके साथ ही उन्होंने आकंड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार के दौरान शुरु की गई योजनाएं ना सिर्फ तेज गति से क्रियान्वित की गईं। बल्कि, जमीनी स्तर पर उसका लाभ भी देशवासियों को मिला।

Advertisement

दूसरी तिमाही में वृद्धि दर बहुत अधिक रही

सीतारमण ने कहा कि दूसरी तिमाही में वृद्धि दर बहुत अधिक रही। यह दुनिया में सबसे अधिक है। हम सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था होने की गति को लगातार बनाए रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 8 साल में भारत पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, जो 2014 में 10वें स्थान पर था। उन्होंने कहा कि गतिविधियां पूरी अर्थव्यवस्था में हैं। ऐसा नहीं है कि एक क्षेत्र अच्छा कर रहा है। सभी क्षेत्र बढ़ रहे हैं, और महत्वपूर्ण रूप से बढ़ रहे हैं। इसलिए इसे देखा भी जा सकता है।

विनिर्माण क्षेत्र भी अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है

सीतारमण ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार द्वारा किए गए उपायों के कारण विनिर्माण क्षेत्र भी अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है, जिसमें मेक-इन-इंडिया कार्यक्रम और उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन योजना शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में दूसरा सबसे अधिक मांग वाला विनिर्माण गंतव्य है। वित्त मंत्री ने सदन को बताया कि इस साल नौ नवंबर तक प्रत्यक्ष कर संग्रह में 21.82 प्रतिशत की वृद्धि हुई और मासिक जीएसटी संग्रह 1.6 लाख करोड़ रुपये पर स्थिर है, जो आर्थिक विकास का संकेत है।

यह भी पढ़ें – रोहतासः क्वार्टर खाली कराने पहुंची पुलिस को झेलना पड़ा विरोध

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *