दिल्ली में किया जा रहा ‘आम महोत्सव’ का आयोजन, आतिशी ने किया शुभारंभ

राजधानी में दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से 32वें आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यहां भारी संख्या में दिल्ली समेत अन्य राज्यों के लोग पहुंच रहे हैं। आपको जानकारी के लिए बता दें कि इस महोत्सव की शुरुआत दिल्ली हाट जनकपुर के लाल साईं मार्ग पर सात जुलाई से हुई है, जो 9 जुलाई तक चलेगी। तीन दिवसीय आम महोत्सव को लोगों के लिए दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक खोला गया है।
क्या है आम महोत्सव
राजधानी दिल्ली के हाट जनकपुरी के लाल सांई मार्ग पर 32वें आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। ये महोत्सव दिल्ली पर्यटन की तरफ से 1987 से हर साल आयोजित किया जाता है। इस आम महोत्सव में अनेक दुर्लभ किस्मों के आम जैसे हुस्नारा, रटौल, चौसा, रामकेला, केसर, आम्रपाली, फजली का प्रदर्शन किया जाता है। इसके अलावा इन आमों के आकार भी लोगों को काफी आकर्षित करते हैं। इस आम महोत्सव का शुभारंभ दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने किया।
आम महोत्सव में अंगूर के आकार से लेकर पपीते के आकार तक के आम प्रदर्शित किए जाएंगे। पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा ‘आम महोत्सव’ शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने, जनसाधारण को आम की विभिन्न क़िस्मों से अवगत करवाने, छोटे-बड़े आम उत्पादकों को अपना व्यापार आगे बढ़ाने के लिए मंच प्रदान करने सहित किसानों को आम की विभिन्न प्रजाति के पैदावार के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में सरकार की अनूठी पहल है।
आयोजकों का दावा है कि इस बार का आम महोत्सव दिल्लीवासियों का खुश कर देगा। आम के प्रति प्रेम रखने वालों के लिए देश भर के 300 से अधिक आम की किस्मों के प्रदर्शन होगा। देश के विभिन्न हिस्सों से आम उत्पादक अपने आम के साथ इसमें हिस्सा ले रहे हैं।