Lok Sabha : पीएम मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा – ‘देश संविधान के 25 वर्ष पूरे कर रहा था, आपातकाल लगाया गया’

Lok Sabha : संसद में संविधान पर चर्चा हो रही है। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। लोकसभा में उन्होंने शनिवार को कहा कि देश को जेल खाना बना दिया गया, नागरिकों के अधिकारों को लूट लिया गया, प्रेस की स्वतंत्रता को ताला लगा दिया गया, कांग्रेस के माथे पर पाप है। उन्होंने हमारे देश की अदालत के पंख काट दिए थे। देश के अलग-अलग हिस्सों में कांग्रेस के पुराने लोग हैं, जो अपने जमाने की कांग्रेस को ढूंढ रहे हैं. आज की कांग्रेस की आदत, व्यवहार से साफ पता चल रहा है कि ये वो कांग्रेस नहीं है।
पीएम मोदी ने कहा कि अब हमारा देश बहुत तेज गति से विकास कर रहा है। भारत बहुत जल्द विश्व की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में बहुत मजबूत कदम रख रहा है। यह 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प है कि जब हम आजादी की शताब्दी बनाएंगे। हम देश को विकसित भारत बनाकर रहेंगे। यह हर भारतीय का संकल्प है, लेकिन इस संकल्प से सिद्धि के लिए सबसे बड़ी आवश्यकता है भारत की एकता। हमारा संविधान भी भारत की एकता का आधार है।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे संविधान की अपेक्षा एकता की है और इसी को ध्यान में रखते हुए हमने मातृभाषा के महात्मय को स्वीकारा है। हमने नई शिक्षा नीति में भी मातृभाषा को बहुत महत्व दिया है। अब गरीब का बच्चा भी अपनी मातृभाषा में पढ़कर डॉक्टर या इंजीनियर बन सकता है।
पीएम मोदी ने इमरजेंसी को किया याद
उन्होंने कहा कि जब देश संविधान के 25 वर्ष पूरे कर रहा था। उसी समय हमारे संविधान को नोच दिया गया, आपातकाल लाया गया। संवैधानिक व्यवस्थाओं को समाप्त कर दिया गया, देश को जेल खाना बना दिया गया, नागरिकों के अधिकारों को लूट लिया गया, प्रेस की स्वतंत्रता को ताला लगा दिया गया, कांग्रेस के माथे पर यह जो पाप है वह धूलने वाला नहीं है।
’75 बार संविधान बदला गया’
पीएम मोदी ने कहा कि करीब 6 दशक में 75 बार संविधान बदला गया, जो बीज देश के पहले प्रधानमंत्री जी ने बोया था उस बीज को खाद-पानी देने का काम एक और प्रधानमंत्री ने किया, उनका नाम था श्रीमति इंदिरा गांधी। 1971 में सुप्रीम कोर्ट का एक फैसला आया था, उस फैसले को संविधान बदलकर पलट दिया गया था, 1971 में संविधान संशोधन किया गया था।
यह भी पढ़ें : Maharashtra : महाराष्ट्र की नई कैबिनेट का रास्ता हुआ साफ, ये होगा मंत्रिमंडल के गठन का फॉर्मूला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप