खेल

कुलदीप यादव लंबे अरसे से बेंच पर बैठे रहे, टीम में आते ही चटकाए 5 विकेट

स्टार स्पिनर कुलदीप यादव के पंजे की बदौलत भारत ने पाकिस्तान पर रनों के मामले में 228 रन से सबसे बड़ी जीत हासिल कर ली। भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 356 रन बनाए थे। ऐसे में पाकिस्तानी बल्लेबाजों पर बड़ी जिम्मेदारी थी। कुलदीप यादव ने पाकिस्तान को अपनी दमदार गेंदबाजी से धराशाई कर दिया।

पाकिस्तान को तेज गेंदबाजों ने शुरुआती 3 झटके दे दिए थे। उसका स्कोर 11.4 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 47 रन था। यहां से ओपनर फखर जमान और आगा सलमान ने 45 गेंद पर 30 रनों की छोटी सी साझेदारी बना ली। ऐसे में कुलदीप यादव ने 20वें ओवर की दूसरी गेंद स्टंप्स पर फ्लाइटेड डिलीवरी रखी। फखर ने स्लॉग स्वीप खेलने का प्रयास किया और क्लीन बोल्ड हो गए। भारत के खिलाफ अक्सर अच्छा प्रदर्शन करने वाले फखर जमान 50 गेंद पर 27 रन बनाकर चलते बने। अब बारी आगा सलमान की थी।

कुलदीप ने 24वें ओवर की अंतिम फुलर लेंथ गेंद तेज गति के साथ स्टंट्स पर रखी। सलमान स्वीप मिस कर गए और गेंद राइट पैड्स पर जा टकराई। आगा सलमान 32 गेंद पर 23 रन बनानर LBW करार दिए गए। जो दोनों बल्लेबाज पाकिस्तान की तरफ से थोड़ा हौसला दिखा रहे थे, कुलदीप ने एक ही झटके में दोनों को पवेलियन रवाना कर दिया। कुलदीप ने 28वें ओवर की चौथी गेंद ऑफ स्टंप पर टॉस्ड अप रखी। शादाब खान ने लॉन्गऑन की दिशा में चिप शॉट खेलने का प्रयास किया और शार्दुल ठाकुर ने रनिंग कैच पकड़ लिया।

 पाकिस्तानी उप-कप्तान शादाब 10 गेंद पर 6 रन ही बना सके। पाकिस्तान का स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 110 रन हो गया। यहां से चचा जान इफ्तिखार अहमद ने मोर्चा संभाला। हाल ही में उन्होंने शतक जड़ा था। ऐसे में पाकिस्तानियों को उम्मीद थी कि इफ्तिखार टीम को बुरी हार से बचा लेंगे। पर कुलदीप के रहते यह मुमकिन नहीं हो सका।

कुलदीप ने 30वें ओवर की तीसरी गेंद फ्लैट रखी, जो पिच होने के बाद बल्ले से दूर स्पिन हो रही थी। इफ्तिखार ने गेंद को बैक टू द बॉलर खेल दिया और कुलदीप ने शानदार कैच पकड़ लिया। इफ्तिखार 35 गेंद पर 23 रन बनाकर कॉट एंड बोल्ड हो गए। कुलदीप यादव के 32वें ओवर की अंतिम लेंथ बॉल को बैकफुट पर खड़े होकर डिफेंड करने के प्रयास में फहीम अशरफ क्लीन बोल्ड हो गए।

इसी के साथ कुलदीप यादव ने कोटे के 8 ओवर में 25 रन देकर 5 सफलता हासिल कर ली। वह तो नसीम शाह और हारिस रऊफ चोट की वजह से बल्लेबाजी के लिए नहीं आए, वरना कुलदीप यादव 7 विकेट चटका लेते। कुलदीप यादव लंबे अरसे से बेंच पर बैठे रहे थे। बीते 3 महीने से उन्हें लगातार इंडियन टीम की प्लेइंग XI का हिस्सा बनाया जा रहा है। उम्मीद है कि चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट इस प्रदर्शन के बाद कुलदीप की अहमियत समझ पाएंगे। उन्हें लगातार टीम में अवसर दिए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button