GST: केंद्र सरकार को मिल गई खुशखबरी, अगस्त में GST से ₹1.59 लाख करोड़ जुटाए

बीते महीने अगस्त में गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) का कलेक्शन साल दर साल के आधार पर 11 प्रतिशत बढ़ा है। राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा ने आज जानकारी देते हुए बताया कि बढ़ते अनुपालन और कम चोरी के कारण जीएसटी के कलेक्शन में ये वृद्धि देखी गई है।
आपको बता दें कि अगस्त में लगातार 6वीं बार ऐसा है कि रेवेन्यू कलेक्शन 1.5 लाख करोड़ से ऊपर रहा है। हालांकि, अब तक सबसे ज्यादा GST कलेक्शन अप्रैल 2023 में हुआ था, जब ये आंकड़ा 1.87 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया था। इसके अलावा लगातार 18 महीने से देश का GST कलेक्शन 1.4 लाख करोड़ रुपए से ऊपर बना हुआ है।
वित्त मंत्रालय ने कहा, ‘अगस्त 2023 में GST रेवेन्यू ₹1,59,069 करोड़ रुपए रहा है। इसमें CGST 28,328 करोड़ रुपए, SGST 35,794 करोड़ रुपए, IGST 83,251 करोड़ रुपए (माल के आयात पर कलेक्ट किए 43,550 करोड़ रुपए सहित) और सेस 11,695 करोड़ रुपए रहा है। सेस में माल के आयात से मिले 1,016 करोड़ रुपए शामिल हैं।’
बता दें कि जीएसटी की शुरुआत केंद्र सरकार ने साल 2017 में की थी। टैक्स सिस्टम को ट्रांसपेरेंट बनाने के लिए सरकार ने जीएसटी को लागू किया था। सरकार आपसे 4 तरीकों से जीएसटी लेती है। इसमें CGST, SGST, UGST, IGST शामिल है। यह एक तरीके का इनडायरेक्ट टैक्स होता है, जो ग्राहकों से कारोबारियों के जरिए लिया जाता है। किसी भी तरह का व्यापार, आयात-निर्यात करने वाले व्यापारी जीएसटी भरते हैं।
ये भी पढ़ें: Uttarakhand: मानसून सत्र को लेकर विस अध्यक्ष ने की सुरक्षा बैठक, सुरक्षा को लेकर दिए गए कड़े निर्देश