
Asian Games 2023: भारत की अदिति अशोक ने महिला गोल्फ प्रतियोगिता में Silver Medal जीता। एशियाई खेलों के इतिहास में भारत की किसी महिला गोल्फर का ये पहला पदक है। 8वें दिन भारत को पहला पदक गोल्फ में मिला. भारत की अदिति अशोक महिलाओं के गोल्फ इवेंट में गोल्ड जीतने से चूक गईं लेकिन उन्होंने रजत पदक जीत इतिहास रच दिया है।
पहली भारतीय महिला गोल्फर
एशियन गेम्स में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर हैं. दो साल पहले टोक्यो 2020 ओलंपिक में पोडियम स्थान हासिल करने से चूकने वाली अदिति अशोक ने वेस्ट लेक इंटरनेशनल गोल्फ कोर्स पर महिला व्यक्तिगत वर्ग में चार राउंड के बाद 17-अंडर 271 (67-66-61-77) को स्कोर के साथ अपना पदक हासिल किया। इसी के साथ वह एशियाई खेल में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बन गईं।
टोक्यो में मामूली अंतर से पदक से चूकी थी
हांगझोऊ 2023 में आगे बढ़ते हुए, भारत ने महाद्वीपीय प्रतियोगिता में छह पदक – तीन स्वर्ण और तीन रजत जीते थे, लेकिन सभी पदक पुरुष गोल्फरों ने हासिल किए थे। टोक्यो में मामूली अंतर से पदक से चूकने वाली दो बार की ओलंपियन ने अंतिम राउंड से पहले सात शॉट की बढ़त बना ली थी। हालांकि, अदिति ने आज चार बोगी और एक डबल बोगी लगाई और शीर्ष स्थान से नीचे खिसक गईं।
स्पर्धा में अदिति की हमवतन साथी गोल्फर प्रणवी
थाईलैंड की अर्पिचया युबोल ने दो शॉट की बढ़त बनाते हुए 19 अंडर 269 (67-65-69-68) के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं, रिपब्लिक ऑफ कोरिया की ह्युनजो ने छह स्थान ऊपर पहुंचते हुए 16 अंडर 272 (68-73-66-65) के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। इसी स्पर्धा में अदिति की हमवतन साथी गोल्फर प्रणवी उर्स चार अंडर पार के साथ 13वें स्थान पर रहीं, जबकि अवनि प्रशांत तीन ओवर पार के साथ संयुक्त रूप से 18वें स्थान पर रहीं।
इस बीच, महिला टीम स्पर्धा में अदिति अशोक, अवनि प्रशांत और प्रणवी उर्स की तिकड़ी ने 22-अंडर पार के स्कोर के साथ चौथा स्थान हासिल किया और वे दो शॉट के मामूली अंतर से पदक जीतने से चूक गईं। थाईलैंड टीम ने 34 अंडर पार के स्कोर के साथ स्पर्ण पदक जीता। रिपब्लिक ऑफ कोरिया ने 28 अंडर पार के साथ रजत और चीन ने 24 अंडर पार के स्कोर के साथ पोडियम पूरा किया।