Madhya Pradeshराज्य

मध्य प्रदेश के भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे- 719 पर भीषण सड़क हादसा, 4 की मौत, कई घायल

MP Accident News : मध्य प्रदेश के भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 पर गोहद थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ. शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे यह दर्दनाक दुर्घटना हुई.

तेज रफ्तार बस ने यात्रियों से भरी ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. इस सड़क दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार, बस भिंड में बारात छोड़कर ग्वालियर वापस जा रही थी, जबकि ईको कार ग्वालियर से भिंड की तरफ आ रही थी. गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका के पास दोनों में जोरदार टक्कर हो गई थी. टक्कर इतनी तेज थी कि ईको कार के परखच्चे उड़ गए.

मृतकों और घायलों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान में जुटी हुई है. अब तक एक मृतक की पहचान भिंड निवासी जगदीश भदौरिया के रूप में की गई है, जो वर्तमान में पटवारी थे और पूर्व सैनिक भी रह चुके हैं. वहीं एक अन्य व्यक्ति की पहचान अतुल शिवहरे के रूप में की गई है. बाकी मृतकों और घायलों की पहचान की कोशिश की जा रही है.

ईको कार के मालिक से संपर्क

पुलिस के मुताबिक, ईको कार के नंबर के आधार पर जब वाहन मालिक से संपर्क किया गया तो उसने बताया कि वह कार पहले ही बेच चुका है. जिस व्यक्ति को कार बेची गई थी, उसका मोबाइल नंबर बंद आ रहा है.

इस हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे-719 पर सड़क सुरक्षा और प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं. गोहद थाना क्षेत्र में इसी मार्ग पर पहले भी हादसे हो चुके हैं. लोगों ने हाईवे पर तत्काल सुरक्षा उपाय बढ़ाने और इसे फोरलेन करने या नया हाईवे बनाने की मांग की है.

ये भी पढ़ें – ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 25वें दिन : पंजाब पुलिस ने 702 ठिकानों पर छापेमारी, 232 गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button