Uttar Pradesh

कांग्रेस-सपा में सीट बंटवारे पर सस्पेंस बरकरार, अखिलेश बोले- जीतने वाली पार्टी को मिलेगी सीट

UP News : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला अभी तय नहीं हुआ है. इस बीच मैनपुरी पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है, उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस के साथ बातचीत आगे बढ़ेगी और सीटों का फैसला दोनों दल मिलकर करेंगे.

अखिलेश यादव ने कहा, “कांग्रेस पार्टी के साथ हमारी बातचीत आगे बढ़ेगी. हम हर पहलू पर विस्तार से चर्चा करेंगे. मैं फिर दोहराता हूं कि हम दोनों मिलकर तय करेंगे कि कौन सी पार्टी जीत सकती है, जो भी पार्टी जीतने की स्थिति में होगी, उसे वह सीट मिल जाएगी.”

खरगे के आवास पर कांग्रेस की अहम बैठक

इसी बीच सोमवार सुबह 10 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है. इसमें राहुल गांधी, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद शामिल होंगे. बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, मौजूदा राजनीतिक हालात और सीटों के बंटवारे पर चर्चा होगी.

यह बैठक इसलिए भी अहम है क्योंकि 17 नवंबर को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत होनी है. इसमें कांग्रेस की ओर से मांगी गई 181 सीटों के प्रस्ताव पर भी मंथन किया जाएगा.

PDA के सहारे सियासी समीकरण साध रही सपा

दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी अपने PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक फॉर्मूले को मजबूत करने में जुटी है. रविवार को आगरा में आयोजित दलित महासम्मेलन में अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका मकसद बीजेपी को सिर्फ हराना नहीं, बल्कि हमेशा के लिए मिटाना है.

वहीं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओपी राजभर ने सपा के दलित सम्मेलन पर सवाल उठाए, उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश सरकार के दौरान सपा नेताओं पर दलितों के उत्पीड़न, लूटपाट और जमीनों पर अवैध कब्जे के आरोप लगे थे.

सीटों के गणित पर टिकी निगाहें

इससे पहले एक सपा सांसद का बयान भी चर्चा में रहा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि यूपी चुनाव में कांग्रेस को 100 सीटें भी नहीं मिलेंगी. ऐसे में अब सबकी नजरें 17 नवंबर की बैठक पर टिकी हैं. देखना होगा कि कांग्रेस और सपा के बीच सीटों को लेकर सहमति बनती है या गठबंधन के भीतर खींचतान बढ़ती है.

ये भी पढ़ें- सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- छठ पूजा में भेदभाव देखने वाले विपक्षी नेता समाज और संस्कृति के दुश्मन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button