Delhi NCRक्राइम

दिल्ली में बंद कार में मिले तीन शवों का आरोपी तांत्रिक गिरफ्तार, धनवर्षा का लालच देकर अपने मंसूबे को दिया अंजाम

Triple Murder In Car : दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास 8 फरवरी को एक बंद कार के अंदर हुई तीन लोगों की मौत के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। इन तीनों की मौत साधारण मौत नहीं बल्कि प्लान के तहत की गई हत्या थी। हत्यारा अब पुलिस की गिरफ्त में है और पेशे से एक ढोंगी तांत्रिक है। आरोपी ने तीनों को जहर मिले लड्डू खिलाए और नकदी लेकर फरार हो गया था।

8 फरवरी को हुई इस घटना में यह पहली और अहम गिरफ्तारी है। आरोपी की पहचान कमरुद्दीन उर्फ बाबा के रूप में हुई है जो उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का रहने वाला है और लोनी और फिरोजाबाद में तंत्र-मंत्र का सेंटर चलाता था। आरोप है कि कमरुद्दीन तीनों को धनवर्षा (अचानक धन लाभ ) का लालच देकर अपने जाल में फंसाया और अपने मकसद को पूरा कर फरार हो गया।

एक साल से तीनों के संपर्क में था आरोपी

आरोपी से पुलिस की पूछताछ में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि आरोपी तीनों मृतकों के संपर्क में सिर्फ घटना वाले दिन ही नहीं आया। बल्कि वह एक साल से तीनों के संपर्क में था। घटना वाले दिन भी सीसीटीवी फुटेज में उसे कार की अगली सीट पर बैठे हुए देखा गया। लेकिन जिस स्थान पर खड़ी गाड़ी में तीनों के शव मिले, वहां से वह फरार हो गया था।

8 फरवरी को मिली थी सूचना

डीसीपी (आउटर) सचिन शर्मा ने बताया कि पश्चिम विहार ईस्ट थाने में 8 फरवरी को PCR कॉल आई थी। सूचना थी कि एक कार में एक महिला सहित तीन लोग बेहोश पड़े हैं। इस बात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। वहां देखा गया कि ड्राइविंग सीट पर एक बुजुर्ग बेहोश बैठा मिला।

एक 42 साल के व्यक्ति को राहगीरों ने कार से बाहर निकाला हुआ था। करीब 40 साल की महिला कार के अंदर पड़ी थी। तीनों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शुरुआती जांच और संदिग्ध परिस्थिति

कार की तलाशी में शराब की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक, खाली गिलास, मोबाइल फोन, नकद, हेलमेट, जैकेट, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज मिले। परिजनों ने आत्महत्या की संभावना से इनकार किया और मौत के पीछे संदेह जताया। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की।

कमरुद्दीन की संलिप्तता सामने आई

पुलिस की तकनीकी निगरानी और कॉल डिटेल रिकॉर्ड से पता चला कि मृतकों की घटना से पहले कमरुद्दीन से लगातार बातचीत हो रही थी। तीनों गाजियाबाद के लोनी भी गए थे। दिल्ली लौटते समय कार में एक और व्यक्ति मौजूद था, जिसकी पुष्टि जांच में कमरुद्दीन के रूप में हुई। वह कार छोड़कर फरार हो गया।

पूजा और धन के लिए छल

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पूजा के नाम पर तीनों से 2 लाख रुपये, शराब और कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था करवाई। घटना वाले दिन उसने जहर मिले लड्डू तैयार किए और कार में उनके साथ दिल्ली तक आया। रास्ते में उन्हें शराब, कोल्ड ड्रिंक और जहर वाले लड्डू दिए।

तीनों की हालत बिगड़ी और आरोपी फरार

डीसीपी के अनुसार, लड्डू और ड्रिंक खाने के बाद तीनों बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी कैश लेकर फरार हो गया।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

कमरुद्दीन आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी दो हत्या के मामले दर्ज हैं। 2014 में राजस्थान के धौलपुर जिले में और 2025 में यूपी के फिरोजाबाद में। पश्चिम विहार ईस्ट थाने में भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस संभावित साथियों की पहचान के लिए जांच जारी रखे हुए है।

ये भी पढ़ें – सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी रेगुलेशन 2026 पर जारी किया नोटिस, सभी मामलों की होगी संयुक्त सुनवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button