
CM Nitish Inspection: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश और देशवासियों को चित्रगुप्त पूजा और भैयादूज की शुभकामनाएं दी हैं। वहीं उन्होंने छठ महापर्व को लेकर गंगा घाटों का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी उनके साथ नजर आए।
दीं भैया दूज और चित्रगुप्त पूजा की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि ज्ञान के अधिष्ठाता देवता चित्रगुप्त भगवान की पूजा एवं आराधना से लोगों में पढ़ने-लिखने की अभिरूचि बढ़ती है। लोगों में पढ़ने-लिखने के प्रति बढ़ती हुई अभिरूचि के फलस्वरूप बिहार में ज्ञान और शिक्षा का प्रकाश घर-घर फैलेगा। आज का युग ज्ञान का युग है। सबके प्रयास से बिहार सुखी और समृद्ध बनेगा। उन्होंने भाई बहन के पावन त्योहार भैया दूज के लिए भी शुभकामनाएं दीं।

CM Nitish Inspection: स्टीमर द्वारा विभिन्न घाटों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोक आस्था के महापर्व छठ-2023 के मद्देनजर छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टीमर द्वारा गाय घाट से कंगन घाट तक और फिर कंगन घाट से दानापुर के नासरीगंज तक के विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने घाटों की सफाई, सुरक्षा एवं स्वच्छता के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
CM Nitish Inspection: छठ व्रतियों की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ व्रतियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनको हर प्रकार की सहूलियत मिले यह सुनिश्चित करें। छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में कोई परेशानी न हो, इसका विशेष ख्याल रखें। गंगा नदी के जलस्तर एवं प्रवाह को देखते हुए छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें। घाटों के पहुंच पथ एवं गंगा नदी किनारे की सड़कों के पास भी छठ व्रतियों के सुचारू आवागमन हेतु बैरिकेडिंग कराएं। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले भी हमने छठ घाटों का निरीक्षण किया था और सारी व्यवस्थाओं की जानकारी ली थी।

CM Nitish Inspection: तेजस्वी, बिजेंद्र सहित अन्य मंत्री व अधिकारी मौजूद
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, जल संसाधन -सह- सूचना एवं जन सम्पर्क मंत्री संजय कुमार झा, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री ललित कुमार यादव, आपदा प्रबंधन मंत्री शाहनवाज, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयकांत मिश्रा, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य कौशल मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य मनीष कुमार वर्मा, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ एस सिद्धार्थ, अपर मुख्य सचिव पथ निर्माण विभाग, आपदा प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग प्रत्यय अमृत सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
रिपोर्टः सुजीत श्रीवास्तव, ब्यूरोचीफ, बिहार
ये भी पढ़ें: 40 लाख रुपये की लागत से मणियावां में बने छठ घाट का उद्घाटन