Uttarakhand

Uttarakhand: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव को दिए निर्देश

Uttarakhand: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कैबिनेट से पहले मंत्रियों को समय पर एजेंडा नहीं मिलने पर कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को सभी मंत्रियों को कैबिनेट से दो दिन पहले एजेंडा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक में मंत्रियों ने एजेंडा मिलने में देरी का मुद्दा उठाया था।

गुरुवार को देहरादून में हुई कैबिनेट की बैठक में मंत्रियों ने एजेंडा देरी से मिलने का मुद्दा उठाया। मंत्रियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एजेंडा मिलने में देरी से उन्हें बैठक में लाए जाने वाले विषयों की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती। जिसका असर कैबिनेट में लिए जाने वाले फैसलों पर पड़ता है। मंत्रियों की शिकायत पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर रुख अपनाया है।

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव एस एस संधू को निर्देश दिए हैं कि सभी मंत्रियों को बैठक से 48 घंटे पहले एजेंडा उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। नियमानुसार मंत्रिमंडल की बैठक से दो दिन पहले मंत्रियों को एजेंडा मिल जाना चाहिए। लेकिन शासन स्तर से देरी के कारण मंत्रियों को समय पर एजेंडा नहीं मिल पा रहा है। कई विभाग कैबिनेट बैठक से ऐन पहले अपने प्रस्ताव मंत्रिपरिषद विभाग को भेजते हैं। जिस पर मंत्रियों ने कैबिनेट में नाराजगी जताई।

सूत्रों के मुताबिक, अब सीएम धामी के निर्देश के बाद मंत्रिपरिषद अनुभाग की ओर से सभी विभागों के प्रशासनिक सचिवों को समय पर कैबिनेट नोट भेजने के निर्देश जारी होंगे। जिससे मंत्रियों को भविष्य में कैबिनेट से दो दिन पहले ही एजेंडा उपलब्ध कराया जा सके।

Related Articles

Back to top button