
नई दिल्ली: मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी जी ने कहा उ०प्र० एम०एस०एम०ई० इकाईयों की स्थापना की दृष्टि से देश में प्रथम स्थान पर है। प्रदेश में कुल 89.99 लाख इकाईयाँ पंजीकृत हैं, जो देश की कुल पंजीकृत इकाईयों का 14.20 प्रतिशत है।
सरकार द्वारा प्रदेश में निवेशपरक वातावरण सृजित किया गया है
मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश में निवेशपरक वातावरण सृजित किया गया है, जहाँ निवेशकों को समयबद्ध स्वीकृतियाँ /लाइसेंस, इत्यादि ऑनलाइन रूप से समयबद्ध तरीके से ‘‘निवेश मित्र’’व्यवस्था के अंतर्गत उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस कड़ी में एम०एस०एम०ई० अधिनियम-2020 के माध्यम से निवेशकों को 72 घण्टे के अंदर अभिस्वीकृति प्रमाण-पत्र निर्गत करते हुए 1000 दिनों तक किसी भी विभाग के निरीक्षण से मुक्त रखा गया है।
एम०एस०एम०ई० अधिनियम-2020 के माध्यम से निवेशकों को 72 घण्टे के अंदर अभिस्वीकृति प्रमाण पत्र निर्गत हुए हैं
इसी के साथ मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा एम०एस०एम०ई० क्षेत्र में अधिकाधिक ऋण-प्रवाह सुनिश्चित करने हेतु निरंतर बैंकों के माध्यम से ऑनलाइन ऋण मेलों का आयोजन कराया गया। जहाँ वर्ष 2016-17 में केवल रू0 28,136.00 करोड़ का ऋण एम०एस०एम०ई० को वितरित किया गया था, वहीं वर्ष 2020-21 में रू0 73,765.00 करोड़ का ऋण वितरित किया गया, जो विगत 04 वर्षों में 2.5 गुना से अधिक वृद्धि दर्शाता है।
प्रदेश सरकार द्वारा एम०एस०एम०ई० क्षेत्र में अधिकाधिक ऋण प्रवाह सुनिश्चित करने हेतु निरंतर बैंकों के माध्यम से ऑनलाइन ऋण मेलों का आयोजन कराया गया
मुख्य सचिव ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 34,80,596 नयी एम०एस०एम०ई० इकाईयों को ऋण वितरित कराकर लगभग 63 लाख से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान किया गया। इस प्रकार विगत 4.5 वर्षों में लगभग 80 लाख एम०एस०एम०ई० इकाईयों को ऋण उपलब्ध कराते हुए 1.50 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये गये’। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में प्रदेश से निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। जहाँ वर्ष 2017-18 में प्रदेश से रू0 88,967.42 करोड़ का निर्यात हुआ वहीं वर्ष 2019-20 में रू० 1,20,356.34 करोड़ (35 प्रतिशत वृद्धि) का निर्यात हुआ एवं वर्ष 2020-21 में रू0 1,21,139.96 करोड़ का निर्यात किया गया।
विगत 04 वर्षों में लगभग 80 लाख एम०एस०एम०ई० इकाईयों को ऋण उपलब्ध कराते हुए 1.50 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये गये
उन्होनें बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा जनवरी 2018 में उ0प्र0 दिवस के अवसर पर एक जनपद- एक उत्पाद (ओ0डी0ओ0पी0) का अभिनव प्रयास प्रारंभ किया गया। संपूर्ण भारत वर्ष में यह पायनियर प्रयास है। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के सभी जनपदों के चिन्हित उत्पादों के सर्वोन्मुखी विकास के कार्य किए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश आज ‘‘ईज आफ डूइंग बिजनेस’’ रैंकिंग में दूसरे स्थान पर है
भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 2021 की थीम इस वर्ष ‘‘आत्मनिर्भर भारत’’ पर आधारित है। इस हेतु मेले में उत्तर प्रदेश को हॉल नंबर-02 में 2000 वर्ग मीटर स्थान आवंटित है। इससे पूर्व मुख्य सचिव द्वारा फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर उत्तर प्रदेश मण्डप का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव एमएसएमई नवनीत सहगल, सीईओ ग्रेटर नोएडा नरेंद्र भूषण, सीईओ नोएडा अथॉरिटी श्रीमती रितु महेश्वरी एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।