
UP Weather : उत्तर प्रदेश में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। करीब 9:30 बजे से राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बादल घिर आए और गरज-चमक के बीच बारिश शुरू हो गई। कुछ ही समय में आसमान में अंधेरा छा गया और जनजीवन प्रभावित हो गया।
27 से अधिक जिलों में बारिश और ओले
प्रदेश के 27 से ज्यादा जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 25 से अधिक जिलों में ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तेज हवाओं और बिजली कड़कने के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
तापमान में गिरावट के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। राजधानी लखनऊ में शनिवार को भी वज्रपात के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।
पूरे प्रदेश में असर
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को पूर्वी यूपी, मध्यांचल और बुंदेलखंड सहित लगभग पूरे राज्य में मौसम का प्रभाव रहेगा। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
कई जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों, जैसे फतेहपुर, कानपुर नगर, मेरठ, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, बिजनौर, अमरोहा, बदायूं, जालौन, बांदा और आसपास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। लोगों को अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
गुरुवार को सबसे गर्म रहा वाराणसी
गौरतलब है कि गुरुवार को वाराणसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि अचानक बदले मौसम ने गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन साथ ही सतर्कता भी बढ़ा दी है।
ये भी पढ़ें – नवादा में सड़क हादसे में जदयू विधायक के बेटे की मौत, परिवार में शोक की लहर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









