Ukraine के ये पांच शहर बन चुके हैं युद्ध का मैदान

Share

Russia-Ukraine War: 24 फरवरी से शुरु हुई रूस और यूक्रेन की जंग का आज पांचवा दिन है। यूक्रेन (Ukraine) की राजधानी कीव पर कब्जे को लेकर दोनों देशों में जंग जारी है। रूसी सेना लगातार यूक्रेन के शहरों पर मिसाइल से हमले कर रही है। इतना ही नहीं, यूक्रेन की धरती पर रूसी टैंक और बख्तरबंद वाहन दौड़ रहे हैं। 4 दिन से जारी यह युद्ध अभी तक किसी अंजाम तक नही पहुंचा है।

रूस (Russia) ने दावा करते हुए कहा है कि अभी तक उसने यूक्रेन के 254 टैंक और बख्तरबंद गाड़ियों के अलावा 31 एयरक्राफ्ट, 46 रॉकेट आर्टिलरी सिस्टम, 103 आर्टिलरी गन और मॉर्टन को नष्ट कर दिया है। वहीं, यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने अभी तक रुस के 4,500 सैनिकों को मार गिराया है। साथ ही यह दावा भी किया कि उसने रूस के करीब-करीब 150 टैंक, 700 सैन्य वाहन, 60 फ्यूल टैंक और 26 हेलीकॉप्टर्स को भी तबाह कर दिया है।

कीव (Kyiv)

राजधानी कीव पर कब्जे को लेकर दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने हैं। जंग के पांचवे दिन भी कीव में एयर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसका अर्थ है कि कीव पर मिसाइल अटैक या हवाई हमला होने की अशंका है।

कीव के मेयर विताली क्लित्शको ने न्यूज एजेंसी को बताया कि कीव से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा है, रूस ने चारों ओर से घेरा हुआ है। उन्होंने बताया कि अब यहां से नागरिकों को बाहर निकालने का कोई रास्ता नहीं है।

इसी दौरान रूस ने कीव पर कब्जा करने के लिए अतिरिक्त सेना भेजनी शुरु कर दी है। रूस  के सैकड़ों सैन्य वाहन इवानकीव शहर से कीव की ओर बढ़ते हुए सैटेलाइट तस्वीरों में दिखाई दे रहे हैं।

खारकीव (Kharkiv)

कीव के बाद खारकीव यूक्रेन का सबसे बड़ा शहर है। यूक्रेन और रूस के बीच यहां के कब्जे को लेकर जंग जारी है। आज सुबह से ही खारकीव में धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है।

यूक्रेन की सरकारी न्यूज एजेंसी ने बाताया कि रूसी सैनिकों ने खारकीव में स्थित नेचुरल गैस पाइपलाइन को उड़ा दिया, जिससे चारों तरफ धुआं-धुआं हो गया।

लीव (Lviv)

लीव शहर पोलैंड की सीमा से सटा हुआ है। यहां पर भी सैनिकों के बीच संघर्ष जारी है। लीव के लोग रूसी सेना को टक्कर देने के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं। फ्रांस की मीडिया ने बताया कि लीव की एक बीयर की फैक्ट्री में पेट्रोल बम बनाए जा रहे हैं।

चेरनीहिव (Chernihiv)

यहां पर हो रहे लगातार धमाकों और गोलीबारी की वजह से लोग डरे हुए हैं। आज सुबह चेरनीहिव की एक रियहाशी इमारत पर रूस ने मिसाइल अटैक किया है, जिसमें एक महिला गंभीर रुप से घायल हो गई है।

यहां के लोगों को घरों की लाइटें बंद रखने का आदेश दिया गया है ताकि रूस के सैनिकों को यह न पता चल सके कि कोई यहां पर रह रहा है।

ओडेसा और मारियूपोल (Odessa and Mariupol)

पश्चिम में ओडेसा और पूरब में मारियूपोल शहर में भी रूस और यूक्रेन के बीच जंग हो रही है। यहां से लोगों को निकाला जा चुका है। यहां की निवासी रुजाना जुबेन्को के परिवार ने बताया कि पूरा इलका गोलीबारी से क्षतिग्रस्त हो गया है।