चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चों में भारी उत्साह, छात्रों ने बनाई ISRO की आकृति

Share

अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत के लिए ऐतिहासिक घड़ी बिल्कुल करीब आ गई है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान एजेंसी (इसरो) का मिशन मून चंद्रयान 3 चांद की सतह पर लैंड करेगा। भारत के इस मिशन पर दुनिया की आंखें टिक गई हैं। देशभर को बेसब्री से इंतजार है जब भारत चांद पर इतिहास रचेगा। चंद्रयान 3 की सफलता के लिए देशभर में कहीं हवन-पूजन हो रहे हैं तो कहीं नमाज अदा की जा रही है।

छात्रों ने बनाई इसरो की आकृति

चंद्रयान 3 की लैंडिंग को लेकर दिल्ली के सरकारी स्कूल के बच्चे भी काफी उत्साहित दिखे। सरकारी स्कूल के बच्चों ने इसरो के नाम की कलाकृति बनाई। दिल्ली और पंजाब के स्कूलों ने रचनात्मक ढंग से चंद्रयान 3 की टीम को अपनी शुभकामनाएं दीं। स्कूली छात्रों ने मिशन मून की सफलता के लिए प्रार्थना की।

सीएम केजरीवाल की प्रतिक्रिया

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर स्कूली छात्रों की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार की सच्ची रुचि और उत्साह देखकर प्रसन्नता हुई। स्कूली बच्चे चंद्रयान-3 की लैंडिंग का इंतजार कर रहे हैं। इन युवा मनों की हार्दिक शुभकामनाएँ शाम के उत्साह को और बढ़ा देती हैं। हमारे वैज्ञानिक हमें अत्यधिक गौरवान्वित कर रहे हैं। जय हिन्द

6 बजकर 4 मिनट पर होगी लैंडिंग

बता दें कि चंद्रयान 3 आज यानी बुधवार (23 अगस्त) को शाम 6 बजकर चार मिनट पर चांद की सतह पर लैंड करेगा। अगर चांद की सतह पर विक्रम लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग कराई जाती है तो भारत उन देशों की लिस्ट में शामिल हो जाएगा जो अब तक चांद पर पहुंच पाए हैं। बता दें कि अब तक दुनिया के तीन देश अमेरिका, रूस और चीन चांद पर पहुंचे हैं। चंद्रयान 3 की खास बात ये है कि अगर लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग होती है तो भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन जाएगा।