
ऑस्ट्रेलिया के समुद्री तट पर कुछ दिनों पहले बहकर आई एक गुंबदनुमा रहस्यमयी चीज ने सबको चौंका दिया था। ये रहस्यमयी चीज पश्चिमी ऑस्ट्रेलियाई शहर पर्थ के समुद्री तट पर मिली थी।
कुछ लोगों द्वारा ये दावा किया जा रहा था कि ये चंद्रयान-3 का मलबा हो सकता है। बाद में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने इस दावे को सिरे से नकार दिया। अब ये मलबा किस रॉकेट का है ये साफ हो गया है। अब ऑस्ट्रेलिया की स्पेस एजेंसी ने ये बताया है कि वो रहस्यमयी चीज एक भारतीय रॉकेट का ही मलबा है।
ऑस्ट्रेलिया स्पेस एजेंसी ने कहा है कि ये मलबा भारतीय PSLV लॉन्च व्हीकल के तीसरी स्टेज पर अलग हुए हिस्से का है। इसरो ने भी इसमें सहमति जताई और कहा मलबा उसके PSLV रॉकेट का हो सकता है।
अब ऑस्ट्रेलियाई अंतरिक्ष एजेंसी ने इस PSLV लॉन्च व्हीकल के हिस्से को जमा कर लिया है और वह इसरो के साथ इसपर बात कर रही है। यह टुकड़ा 2 मीटर ऊंचा है और अभी इसे स्टोरेज में रखा गया है। ऑस्ट्रेलिया इसे अपने संग्रहालय में रखना चाहता है। वहीं संयुक्त राष्ट्र संघ की स्पेस ट्रीटी के तहत अंतरिक्ष यान या इससे संबंधित कोई भी चीज यदि किसी देश में आती है, तो उस वस्तु को उसके मूल देश को वापस करना होगा। अब ये देखना होगा क्या इसरो PSLV के इस टुकड़े को वापस लेगा या ऑस्ट्रेलिया में इसे संग्रहालय में रखा जाता है।
ये भी पढ़ें : म्यांमार में 6 महीने के लिए बढ़ा आपातकाल, आंग सान सू की सज़ा में हुई रियायत