Uttarakhand: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया केंद्र का लोकार्पण

Dehradun: सगंध पौधों के उत्पादन में लगे किसानों की आय बढ़ाने के लिए धामी सरकार मिशन मोड में काम करेगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सेलाकुई में सगंध पौधा केंद्र के लोकार्पण के दौरान ये ऐलान किया है। सीएम ने केंद्र को संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए एक्ट बनाने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेलाकुई में सगन्ध फसल उत्कृष्टता केन्द्र का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सगंध पौधा केंद्र का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और पौधों की प्रजातियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी भी मौजूद रहे।
लोकार्पण कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि उत्तराखण्ड में पारम्परिक खेती के क्षेत्र में कई चुनौतियां हैं। जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पारम्परिक खेती को लेकर रुझान घट रहा है। ऐसे में सगन्ध फसलें किसानों के लिए एक बेहतरीन नगदी फसल के रूप में स्थापित हो रही हैं।
सीएम ने कहा कि किसानों की मांग के अनुसार समय पर पौध सामग्री उपलब्ध हो इसके लिए इस “सगन्ध पौध उत्कृष्टता केन्द्र” की स्थापना की गयी है। सीएम धामी ने कहा कि सगंध पौधों का उत्पादन बढ़ाने के लिए मिशन दालचीनी और मिशन तिमरू शुरू किया जाएगा। सीएम ने कहा कि केन्द्र को सुदृढ़ करने के लिए एक्ट के जरिए इसे संस्थान के रूप में विकसित किया जायेगा।