महिला आरक्षण में भी एससी-एसटी के साथ धोखाः राबड़ी देवी

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी।
महिला आरक्षण विधेयक पेश होने के बाद बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का इसको लेकर बयान आया है। उन्होंने प्रेसवार्ता कर कहा कि इसमें एससी एसटी के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक में जो 33% आरक्षण दिया गया है उसमें SC, ST, OBC महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित नहीं की गई हैं। SC/ST वर्गों के लिए जो प्रावधान किया है वह उन वर्गों के लिए पहले से ही आरक्षित सीटों में से SC/ST की महिलाओं को 33% मिलेगा। यानि यहाँ भी SC/ST को धोखा।
‘झाल बजाने और शोर मचाने को छोड़ा शगूफा’
राबड़ी देवी ने कहा कि SC/ST, पिछड़े/अतिपिछड़े एवं अल्पसंख्यक वर्गों की महिलाओं को ठेंगा दिखाने वाला महिला आरक्षण परिसीमन के बाद लागू होगा। परिसीमन जनगणना के बाद होगा और जातिगत जनगणना करवाने के दबाव में केंद्र ने जनगणना को ठंडे बस्ते में ही डाल दिया है। मतलब बस झाल बजाने और शोर मचाने के लिए शगूफा छोड़ा गया है। महिला आरक्षण के अंदर वंचित, उपेक्षित, खेतिहर एवं मेहनतकश वर्गों की महिलाओं की सीटें आरक्षित हों। मत भूलो, महिलाओं की भी जाति है। वंचित वर्गों की महिलाओं की अभी पहली पीढ़ी ही शिक्षित हो रही है इसलिए इनका इस आरक्षण के अंदर भी आरक्षण होना अनिवार्य है।
रिपोर्टः सुजीत, ब्यूरोचीफ बिहार
ये भी पढ़ेःBIHAR HOCKEY: मदद के हाथ नहीं बढ़े तो टूट गई उम्मीदों की डोर